सूरत : महावीर जयंती पर सूरत में मानवता का संदेश, एक लाख लड्डू बांटकर मनाया उत्सव
जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ का आयोजन, अहिंसा और समानता का दिया संदेश
सूरत। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती के अवसर पर सूरत में श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पूरे शहर में विभिन्न स्थानों पर बिना किसी जाति-पंथ के भेदभाव के शुद्ध घी से बने एक लाख लड्डू वितरित किए गए और अहिंसा का संदेश दिया गया।
चैत्र सुद तेरस के पावन दिन आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहरभर में मंडप लगाए गए, जहां सैकड़ों की संख्या में युवक-युवतियां और बच्चे मौजूद रहे।
भगवान महावीर स्वामी के भजन और जैन धर्म के गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया। राहगीरों, वाहन चालकों और आम नागरिकों का “जय महावीर” के अभिवादन के साथ स्वागत किया गया।
महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरव शाह ने कहा कि आज के वैश्विक तनावपूर्ण माहौल में भगवान महावीर के “अहिंसा परमो धर्म” के सिद्धांत की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। सत्य, दया, प्रेम और क्षमा जैसे मूल्यों को अपनाकर समाज में शांति स्थापित की जा सकती है।
महासंघ सूरत के अध्यक्ष तुषारभाई मेहता ने भी अपने संबोधन में कहा कि जैन धर्म के सिद्धांतों का पालन करने से विश्व में शांति और सौहार्द स्थापित किया जा सकता है। वहीं, महासंघ सूरत के जनरल सेक्रेटरी राजूभाई मेहता ने बताया कि यह आयोजन पिछले 18 वर्षों से लगातार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में शहर के पुलिस अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, सेवा और मानवता का प्रेरणादायक संदेश भी दे गया।
