सूरत : लिंबायत के मीठी खाड़ी इलाके में भीषण आग, एक ही परिवार के 5 लोगों की दम घुटने से मौत

बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने लिया विकराल रूप, साड़ियों और केमिकल के धुएं से हुआ हादसा

सूरत : लिंबायत के मीठी खाड़ी इलाके में भीषण आग, एक ही परिवार के 5 लोगों की दम घुटने से मौत

सूरत। शहर के लिंबायत इलाके में मीठी खाड़ी के पास स्थित बेठी कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। घर में अचानक लगी आग और उससे फैले जहरीले धुएं के कारण चार महिलाओं और एक मासूम बच्चे की दम घुटने से जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो मंजिला मकान में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिजली के स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली, जिससे पास में रखे साड़ी पैकिंग के फॉर्म और ज्वलनशील सामग्री के संपर्क में आने से धुआं तेजी से फैल गया। घर में साड़ी बनाने और पैकिंग का काम चल रहा था, जिसके कारण बड़ी मात्रा में साड़ियां और केमिकल मौजूद थे।

धुएं ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और वे बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

फायर टीम ने आग पर काबू पाते हुए सभी पांच लोगों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान शहनाज बेगम अब्दुल कलाम अंसारी (65), हुस्ना बेगम अंसारी (18), शबीना रमजान अली अंसारी (28), परवीन अंसारी (19) और 4 वर्षीय सुभान रमजान अली अंसारी के रूप में हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घनी आबादी और तंग गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को मौके तक पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।

फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ज्वलनशील सामग्री और केमिकल के कारण आग और धुआं तेजी से फैला, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Tags: Surat