सूरत : सेवा फाउंडेशन की नई पहल: आयुर्वेदिक ओपीडी विभाग का शुभारंभ, सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

उधना स्थित अस्पताल में जनसेवा कार्यक्रम के साथ हुआ उद्घाटन, विधायक मनुभाई पटेल ने किया दीप प्रज्वलन

सूरत : सेवा फाउंडेशन की नई पहल: आयुर्वेदिक ओपीडी विभाग का शुभारंभ, सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय सेवा फाउंडेशन ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेवा आयुर्वेदिक मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में ‘श्री धन्वन्तरि आयुर्वेद ओपीडी विभाग’ का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम रविवार, 29 मार्च 2026 को उधना स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर, जीएचबी रोड परिसर में जनसेवा समर्पण कार्यक्रम के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उधना के विधायक मनुभाई पटेल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर सूरत टेक्सटाइल बुर्ज (बीआरसी) के नरसीभाई भवाणी, पूर्व भाजपा शहर उपाध्यक्ष छोटूभाई पाटिल, यूथ फॉर गुजरात के अध्यक्ष जिग्नेश पाटिल तथा चौकड़ीका परिवार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन स्व. भंवरीदेवी सीतारामजी चौकड़ीका परिवार एवं सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

वक्ताओं ने सेवा फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंदों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आयुर्वेदिक ओपीडी विभाग की शुरुआत से आमजन को किफायती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे विशेष रूप से श्रमिक, निम्न और मध्यम वर्ग को लाभ मिलेगा।

फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘श्री लक्ष्मी नारायण अन्नपूर्णा सेवा’ (बीआरसी) के माध्यम से प्रतिदिन दोपहर लगभग 800 और सायंकाल करीब 400 लोगों को रियायती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मिलेनियम मार्केट के सामने ‘खेमानी भोजन सेवा’ के जरिए मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत दी जा रही है।

सेवा कार्यों में बीआरसी सेवा के अंतर्गत महावीर प्रसाद चौकड़ीका और नरसीभाई भवाणी का विशेष सहयोग रहा है, जबकि मिलेनियम मार्केट क्षेत्र में संचालित भोजन सेवा में विजय खेमानी का योगदान उल्लेखनीय बताया गया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी फाउंडेशन लगातार विस्तार कर रहा है। प्रगति टावर स्थित सेवा हॉस्पिटल के विकास के साथ-साथ दक्षिणेश्वर मंदिर के सामने पुराने परिसर में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और डेंटल ओपीडी सेवाएं पहले से संचालित हैं। नव प्रारंभ ‘श्री धन्वन्तरि आयुर्वेद ओपीडी’ से अब मरीजों को पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचार का लाभ भी मिल सकेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, चिकित्सक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवा फाउंडेशन के अशोक गोयल, छायाडो संस्था के भरतभाई शाह, आढ़तिया एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल, राजीव ओमर, सेवा हॉस्पिटल के गिरीश मित्तल, पंकज गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनसेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

Tags: Surat