सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स ने ‘रिस्क मैनेजमेंट 360’ पर अवेयरनेस सेशन आयोजित किया
फायर, साइबर और अन्य जोखिमों से बचाव के लिए सही इंश्योरेंस कवरेज पर उद्यमियों को दी गई जानकारी
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से शुक्रवार, 13 मार्च 2026 को सरसाना स्थित समहति में ‘रिस्क मैनेजमेंट 360: फायर, साइबर और उससे आगे’ विषय पर एक अवेयरनेस सेशन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बदलते जोखिमों के दौर में उद्यमियों और प्रोफेशनल्स को सुरक्षा और इंश्योरेंस कवरेज के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
चैंबर के ऑनरेरी ट्रेजरर सीए मितेश मोदी ने कहा कि आज के समय में उद्योगों के लिए फायर, साइबर और अन्य जोखिमों के खिलाफ उचित इंश्योरेंस कवरेज बेहद आवश्यक हो गया है।
कई बार पॉलिसी और क्लेम प्रक्रिया की पूरी जानकारी न होने के कारण उद्यमियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि चैंबर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उद्योग जगत को मार्गदर्शन देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के रीजनल ऑफिस, वडोदरा के डिप्टी जनरल मैनेजर आशीष डामोर ने विभिन्न प्रकार की फायर इंश्योरेंस पॉलिसी, उनके कवरेज और क्लेम प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आग जैसी घटनाओं से उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है, इसलिए सही फायर इंश्योरेंस पॉलिसी का चयन और उसकी शर्तों की स्पष्ट समझ होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि फायर पॉलिसी के अंतर्गत बिल्डिंग, मशीनरी, स्टॉक और अन्य संपत्तियों को कवर करने के कई विकल्प उपलब्ध होते हैं। दुर्घटना की स्थिति में क्लेम प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए सही दस्तावेज़ और पॉलिसी की शर्तों की जानकारी पहले से होना आवश्यक है।
वहीं, ऋषभ शाह (असिस्टेंट मैनेजर, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस – सूरत) ने साइबर इंश्योरेंस, लायबिलिटी, फुल सिक्योरिटी और पैरामीट्रिक इंश्योरेंस के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अटैक, डेटा चोरी और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे उद्योगों के लिए साइबर इंश्योरेंस की आवश्यकता और भी बढ़ गई है।
मिलिन सद्दीवाला (ब्रांच मैनेजर, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस – बारडोली) ने बताया कि फुल सिक्योरिटी पॉलिसी और लायबिलिटी इंश्योरेंस के माध्यम से कंपनियों और कर्मचारियों दोनों को व्यापक सुरक्षा मिल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पैरामीट्रिक इंश्योरेंस जैसी आधुनिक पॉलिसियां प्राकृतिक आपदाओं या विशेष परिस्थितियों में तेज क्लेम सेटलमेंट की सुविधा देती हैं, जिससे व्यवसाय जल्दी सामान्य स्थिति में लौट सकता है।
कार्यक्रम की रूपरेखा चैंबर ग्रुप के चेयरमैन नीरव मंडलेवाला ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर उद्योग जगत से जुड़े कई उद्यमी और प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे।
