सूरत : सूरत मेट्रो का ट्रायल रन शुरू, ड्रीम सिटी–अलथान रूट पर दौड़ी पहली ट्रेन

8.5 किमी वायडक्ट तैयार; जून 2026 तक मेट्रो संचालन शुरू होने की उम्मीद, ट्रैफिक से राहत की आस

सूरत : सूरत मेट्रो का ट्रायल रन शुरू, ड्रीम सिटी–अलथान रूट पर दौड़ी पहली ट्रेन

सूरत। सूरत शहर के लिए बहुप्रतीक्षित मेट्रो प्रोजेक्ट अब हकीकत के करीब पहुंचता दिख रहा है। ड्रीम सिटी से अलथान टेनेमेंट स्टेशन के बीच 8.5 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन आज से शुरू कर दिया गया है। इस रूट पर वायडक्ट, ट्रैक बिछाने और ट्रैक्शन पावर के लिए तीसरी रेल का काम पूरी तरह पूरा हो चुका है।

मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत कुल सात स्टेशनों की बिल्डिंग का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है, जबकि एंट्री-एग्जिट और फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। ट्रायल रन के दौरान करीब 500 घंटे तक ट्रेन चलाई जाएगी, जिसके बाद आरडीएसओ और सीएमआरएस द्वारा निरीक्षण और वेरिफिकेशन किया जाएगा।

मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, यह प्रोजेक्ट 40.45 किलोमीटर के दो प्रमुख कॉरिडोर—ड्रीम सिटी से सरथाना (डायमंड कॉरिडोर) और सारोली से भेंसान (टेक्सटाइल कॉरिडोर)—पर विकसित किया जा रहा है। लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के कारण शहरवासियों को ट्रैफिक की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब मेट्रो के शुरू होने से राहत मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों का दावा है कि जून 2026 तक मेट्रो सेवा का पहला चरण ड्रीम सिटी–सरथाना रूट पर शुरू हो सकती है। मेट्रो ट्रेन में तीन कोच होंगे और यह आधुनिक ड्राइवरलेस सिस्टम से संचालित होगी, जिसकी अधिकतम स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। सभी कोचों में सीसीटीवी, फायर डिटेक्शन और रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

मेट्रो के किराए को लेकर भी प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अनुसार 1 से 3 स्टेशनों तक यात्रा के लिए ₹10 और 20 या उससे अधिक स्टेशनों के लिए ₹40 तक किराया प्रस्तावित है। हालांकि अंतिम किराया ऑपरेशन शुरू होने के बाद तय किया जाएगा।

शहर में आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के बीच मेट्रो ट्रायल रन शुरू होने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हैं। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले इस प्रोजेक्ट को गति देकर इसका लाभ लेने की रणनीति अपनाई जा रही है।

कुल मिलाकर, सूरत मेट्रो का ट्रायल रन शहर के ट्रांसपोर्ट सिस्टम में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है और आने वाले समय में ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Tags: Surat