सूरत में ‘केमिकल एंड फार्मा एक्सपो 2026’ का कर्टेन रेज़र आयोजित

15 से 17 मई तक सरसाना में होगा आयोजन, इंडस्ट्री के लिए बनेगा बड़ा B2B प्लेटफॉर्म

सूरत में ‘केमिकल एंड फार्मा एक्सपो 2026’ का कर्टेन रेज़र आयोजित

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और बेसिक केमिकल्स, कॉस्मेटिक्स एंड डाइज़ एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (CHEMEXCIL) के संयुक्त तत्वावधान में ‘केमिकल एंड फार्मा एक्सपो 2026’ का कर्टेन रेज़र सेरेमनी गुरुवार को डुमस रोड स्थित अमोरे में आयोजित किया गया। इस दौरान एक्सपो की रूपरेखा और इंडस्ट्री के लिए इसके महत्व पर प्रकाश डाला गया।

चैंबर के प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी ने कहा कि चैंबर हमेशा इंडस्ट्री और ट्रेड के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और विभिन्न एग्ज़िबिशन व नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से उद्यमियों को नए अवसर प्रदान करता रहा है। उन्होंने बताया कि केमिकल और फार्मा एक्सपो के साथ-साथ वेल्थ एक्सपो भी साउथ गुजरात के उद्योगपतियों के बीच निवेश और नवाचार को बढ़ावा देंगे।

उन्होंने कहा कि यह एक्सपो केमिकल और फार्मास्युटिकल सेक्टर के लिए एक डायनामिक B2B प्लेटफॉर्म साबित होगा, जहां मैन्युफैक्चरर्स, टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स, रिसर्चर्स और इंडस्ट्री लीडर्स एक साथ आकर नए अवसर तलाश सकेंगे।

चैंबर के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला ने कहा कि तेजी से बदलते इंडस्ट्रियल माहौल में, जहां सस्टेनेबिलिटी और ग्लोबल कॉम्पिटिटिवनेस पर जोर है, यह एक्सपो प्रोफेशनल्स को नई टेक्नोलॉजी, नेटवर्किंग और मार्केट एक्सप्लोरेशन के लिए सशक्त मंच देगा।

चैंबर ग्रुप के चेयरमैन राकेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘केमिकल एंड फार्मा एक्सपो 2026’ का आयोजन 15, 16 और 17 मई, 2026 को सूरत इंटरनेशनल एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर, सरसाना में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो इंडस्ट्री के लिए नए व्यापारिक अवसर पैदा करेगा और उद्योग जगत को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करेगा।

इस अवसर पर चैंबर के पूर्व प्रेसिडेंट विजय मेवावाला, ऑनरेरी मंत्री बिजल जरीवाला, ऑनरेरी ट्रेज़रर मितेष मोदी, ऑल एग्ज़िबिशन के चेयरमैन किरण ठुम्मर सहित CHEMEXCIL के पदाधिकारियों और कमेटी मेंबर्स की मौजूदगी में एक्सपो का औपचारिक लॉन्च किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ओपन फोरम में चैंबर के सदस्यों ने अपने विचार साझा किए, जबकि संचालन कमलेश गजेरा ने किया।

Tags: Surat SGCCI