सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो-2026 को जबरदस्त प्रतिसाद, दो दिनों में 22 हजार से अधिक विज़िटर्स

गुजरात पुलिस प्रमुख डॉ. के.एल.एन. राव ने किया दौरा, स्टंट बाइक शो और प्रूविंग ग्राउंड बने आकर्षण का केंद्र

सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो-2026 को जबरदस्त प्रतिसाद, दो दिनों में 22 हजार से अधिक विज़िटर्स

सूरत : सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा इसके ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर द्वारा आयोजित ‘सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो-2026’ को शहरवासियों का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। 13 से 16 मार्च तक सूरत इंटरनेशनल एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (सरसाना) में चल रहे इस एक्सपो में पहले दो दिनों में ही 22 हजार से अधिक लोग पहुंच चुके हैं।

शनिवार को गुजरात स्टेट पुलिस चीफ़ डॉ. के.एल.एन. राव  ने अपनी पत्नी के साथ एक्सपो का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ सूरत पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

उन्होंने विभिन्न ऑटोमोबाइल ब्रांड्स के स्टॉल पर जाकर नई कारों और बाइकों के मॉडल्स देखे तथा आयोजकों से एक्सपो के बारे में जानकारी ली। विंटेज कारों का निरिक्षण कर सेल्फी भी खिंचवाई। साथ ही ऑटोमोबाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए चैंबर के प्रयासों की सराहना भी की।

चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी के अनुसार एक्सपो के पहले दिन 7,880 लोगों ने विभिन्न कंपनियों की कारें और बाइक्स देखीं, जबकि दूसरे दिन शनिवार को 14,740 विज़िटर्स पहुंचे। इस तरह दो दिनों में कुल 22,620 लोगों ने ऑटो एक्सपो का दौरा कर नई ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी और फीचर्स के बारे में जानकारी प्राप्त की।

एक्सपो में देश-विदेश की कई प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी नई तकनीक से लैस कार और बाइक मॉडल्स प्रदर्शित कर रही हैं। विज़िटर्स ने अलग-अलग ब्रांड्स की गाड़ियों को करीब से देखा और कंपनी के प्रतिनिधियों से उनके फीचर्स, डिजाइन और टेक्नोलॉजी के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

शनिवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ एक्सपो देखने पहुंचे। खासकर युवाओं में स्पोर्ट्स बाइक्स और प्रीमियम कारों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

कई विज़िटर्स ने एक्सपो में उपलब्ध टेस्ट ड्राइव सुविधा का लाभ उठाते हुए अपनी पसंदीदा कार और बाइक चलाकर अनुभव भी लिया। कुछ ऑटोमोबाइल प्रेमियों ने मौके पर ही नई गाड़ियों की बुकिंग भी कराई, जिससे एक्सपो को व्यापारिक दृष्टि से भी अच्छा प्रतिसाद मिला।

ऑटो एक्सपो में आयोजित स्टंट बाइक शो और प्रूविंग ग्राउंड विज़िटर्स के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहे। स्टंट बाइक शो में राइडर्स ने रोमांचक स्टंट प्रस्तुत कर दर्शकों को उत्साहित किया।

वहीं प्रूविंग ग्राउंड में कारों को विशेष रूप से बनाए गए ऊबड़-खाबड़ ट्रैक और गड्ढों वाले रास्तों से गुजारकर उनकी मजबूती, सस्पेंशन और परफॉर्मेंस का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर दर्शकों ने खूब आनंद लिया।

आयोजकों का कहना है कि यह ऑटो एक्सपो न केवल ऑटोमोबाइल उद्योग को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि शहरवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न ब्रांड्स की गाड़ियों को देखने, समझने और उनकी तुलना करने का भी शानदार अवसर प्रदान कर रहा है।