सूरत क्रिकेट लीग-2026 का आगाज़ 14 मार्च से, लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में होंगे डे-नाइट मुकाबले
पहला मैच गोपिन डेवलपर्स और कैलाश स्पोर्ट्स के बीच; रणजी और IPL से जुड़े खिलाड़ी भी दिखाएंगे दम
सूरत। सूरत डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के तहत सूरत क्रिकेट लीग – 2026 (सीजन-6) का शुभारंभ 14 मार्च को शाम 5:30 बजे से होगा। यह टूर्नामेंट 14 मार्च से 29 मार्च 2026 तक लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला गोपिन डेवलपर्स और कैलाश स्पोर्ट्स के बीच खेला जाएगा। लीग में कुल सात टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें डम्स क्रिकेट क्लब, श्री स्पोर्ट्स, पार्थ टेक्स, गोपिन डेवलपर्स, कैलाश स्पोर्ट्स, सूरत टाइटन्स, गुलशन स्ट्राइकर्स और लूथरा इक्सास शामिल हैं।
प्रत्येक टीम में 20 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें सूरत के अलावा गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अंतर्गत आने वाले अहमदाबाद, खेड़ा, आनंद, गांधीनगर, वलसाड, भरूच, पंचमहल, बनासकांठा, दमन और दादरा-नगर हवेली जैसे क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। हर टीम में सूरत के 14 खिलाड़ी शामिल रहेंगे।
टूर्नामेंट लीग फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष टीमें प्लेऑफ में प्रवेश करेंगी। आयोजकों के अनुसार रोजाना दो डे-नाइट मैच खेले जाएंगे, जिनमें पहला मैच दोपहर 2:00 बजे और दूसरा रात 7:00 बजे शुरू होगा। सभी मैचों का लाइव प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा, जबकि दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा।
इस साल लीग में गुजरात का प्रतिनिधित्व करने वाले और IPL टीमों से जुड़े खिलाड़ी भी मैदान में उतरेंगे। इनमें अर्थ देसाई, रिपल पटेल और उर्विल पटेल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
इसके अलावा रणजी ट्रॉफी में गुजरात का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी जैसे चिराग गांधी, सेन पटेल, उमंग टंडेल, हेमंग पटेल, ऋषि पटेल, प्रियेश पटेल, आदित्य पटेल, हेनरी पटेल, खिलन पटेल, मौलीराज चावड़ा भी हिस्सा लेंगे। जिससे स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़े मंच पर खेलने का अवसर मिलेगा।
टूर्नामेंट के आयोजन में सोसियो ग्रुप, नेशनल फाइटर स्पोर्ट्स, वेदांता ग्रुप और सिल्वी वॉच ने पुरस्कार प्रायोजक के रूप में सहयोग दिया है। वहीं सूरत मैरियट, कोटिलार्ड मैरियट, ले मेरिडियन, होटल जिंजर, रामी इंटरनेशनल, सूरत टेनिस क्लब, ओली क्लब और एलिगेंट इन होटल जैसे संस्थानों ने भी आयोजन को समर्थन दिया है।
आयोजकों का कहना है कि इस लीग के जरिए गुजरात के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा और सूरत में क्रिकेट का उत्साह और भी बढ़ेगा।
