सूरत : वेसू में नि:शुल्क बायोडाटा सेंटर का शुभारंभ, वैवाहिक समस्याओं के समाधान की पहल
अनिल रूंगटा बोले—शादी में देरी बड़ी सामाजिक समस्या, बसंत खैतान ने सामूहिक प्रयासों पर दिया जोर
सूरत के वेसू क्षेत्र में ‘मन की खुशी फाउंडेशन’ के अंतर्गत वैवाहिक समिति द्वारा नि:शुल्क बायोडाटा सेंटर का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए उचित जीवनसाथी की खोज को सरल बनाना और समाज में बढ़ती विवाह देरी की समस्या का समाधान करना है।
सेंटर का उद्घाटन अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष एवं विश्व हिंदू परिषद सूरत महानगर अध्यक्ष अनिल रूंगटा द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्था की फाउंडर प्रिया बसंत खैतान ने बताया कि यह केंद्र समाज के विभिन्न वर्गों के युवाओं को एक मंच प्रदान करेगा।
समिति के सदस्यों मोहक गुप्ता और संदीप बंसल ने जानकारी दी कि प्रत्येक रविवार सुबह 11 बजे से 1 बजे तक अग्रवाल, माहेश्वरी, जैन और खंडेलवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा का आदान-प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिल रूंगटा ने कहा कि वर्तमान समय में शादी-विवाह में हो रही देरी समाज की एक बड़ी समस्या बन चुकी है। ऐसे में नि:स्वार्थ भाव से बायोडाटा सेंटर शुरू करना एक सराहनीय पहल है, जो अनेक परिवारों के लिए सहायक साबित होगी।
सामाजिक कार्यकर्ता बसंत खैतान ने कहा कि इस समस्या का समाधान सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। जब समाज के लोग एक साथ बैठकर विचार-विमर्श करेंगे, तभी सार्थक परिणाम सामने आएंगे। इस अवसर पर विजय गोयल, प्रवीण जैन, सरदार मंजीत सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बसंत खैतान ने सभी अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया और आभार व्यक्त किया।
