सूरत : सिटीलाइट में मां वैष्णो द्वार मंदिर द्वारा भव्य सामूहिक कन्या पूजन आयोजित

चैत्र नवरात्रि की नवमी पर हजारों कन्याओं का पूजन, तिलक व चुनरी ओढ़ाकर किया सम्मान

सूरत : सिटीलाइट में मां वैष्णो द्वार मंदिर द्वारा भव्य सामूहिक कन्या पूजन आयोजित

सूरत के सिटीलाइट क्षेत्र स्थित मां वैष्णो द्वार मंदिर द्वारा चैत्र नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर भव्य सामूहिक कन्या पूजन का आयोजन किया गया। यह धार्मिक कार्यक्रम तेरापंथ भवन, सिटीलाइट में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ, जिसमें मां भगवती की परम अराधिका माता जी की विशेष उपस्थिति रही।

आयोजन के दौरान हजारों कन्याओं को मां जगदम्बा का स्वरूप मानकर विधिवत पूजन किया गया। कन्याओं को कुमकुम-चंदन से तिलक लगाकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई और पारंपरिक विधि-विधान से उनका सम्मान किया गया। पूजन उपरांत सभी कन्याओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा उपहार भी भेंट किए गए।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्त उपस्थित रहे तथा सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में ज्ञान विकास हिन्दी विद्यालय की शिक्षिका पिंकी झा अपने स्टाफ एवं विद्यार्थियों के साथ शामिल हुईं, वहीं विद्यादीप मॉडर्न विद्यालय की शिक्षिका नीलम पांडेय भी अपनी छात्राओं के साथ उपस्थित रहीं।

इसके अलावा हिन्दू सनातन सेवा पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रमुख गिरिजाशंकर उपाध्याय ने भी अपने विद्यालय की बालिकाओं के साथ सेवा में योगदान दिया। शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और भक्तों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन अत्यंत सफल और श्रद्धामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Tags: Surat