सूरत : ऑटो एक्सपो में टूटा भीड़ का रिकॉर्ड, रविवार को उमड़े 50,000 से अधिक दर्शक, पार्किंग भी पड़ी छोटी

म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन ने ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर दौड़ाई जीप, तीन दिनों में 70 हज़ार से ज़्यादा लोगों ने देखी तकनीक और रफ़्तार

सूरत : ऑटो एक्सपो में टूटा भीड़ का रिकॉर्ड, रविवार को उमड़े 50,000 से अधिक दर्शक, पार्किंग भी पड़ी छोटी

सूरत : द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो 2026 में रविवार को रिकॉर्ड तोड़ भीड़ देखने को मिली। एक ही दिन में 50 हजार से अधिक विज़िटर एक्सपो देखने पहुंचे, जिससे आयोजन स्थल पर भारी उत्साह और चहल-पहल का माहौल रहा।

चैंबर के पदाधिकारियों के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को 20 हजार से अधिक लोग एक्सपो देखने आए थे, जबकि रविवार को परिवारों के साथ बड़ी संख्या में शहर और आसपास के इलाकों से लोग पहुंचे। तीन दिनों में कुल मिलाकर 70 हजार से अधिक विज़िटर्स ने एक्सपो का दौरा किया।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि रविवार सुबह से ही एक्सपो स्थल के पार्किंग एरिया में वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं और कुछ ही समय में पूरी पार्किंग भर गई। विज़िटर्स ने देश-विदेश की विभिन्न ऑटोमोबाइल कंपनियों के नवीनतम मॉडल, आधुनिक तकनीक और आकर्षक डिज़ाइन के बारे में जानकारी ली।

एक्सपो में आयोजित स्टंट बाइक शो भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना। स्टंट राइडर्स द्वारा किए गए रोमांचक करतबों को लोगों ने खूब सराहा। वहीं एक्सपो में तैयार किया गया प्रूविंग ग्राउंड भी खासा लोकप्रिय रहा, जहां ऊबड़-खाबड़ ट्रैक पर गाड़ियों की क्षमता और पावर का प्रदर्शन किया गया। कई विज़िटर्स ने इस ट्रैक पर राइड का अनुभव लेकर रोमांच का आनंद लिया।

इस दौरान सूरत म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन ने भी रविवार को एक्सपो का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न वाहनों का अवलोकन किया और प्रूविंग ग्राउंड पर जीप राइड का अनुभव लिया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के ऑटो एक्सपो शहर के ऑटोमोबाइल सेक्टर को नई दिशा देने में मददगार साबित होते हैं।

एक्सपो में बड़ी संख्या में लोगों ने नई गाड़ियों के प्रति उत्साह दिखाया। कई विज़िटर्स ने कार और टू-व्हीलर के अलग-अलग मॉडल्स के बारे में जानकारी लेकर मौके पर ही स्पॉट बुकिंग भी कराई। नई तकनीक, आकर्षक डिज़ाइन और विशेष ऑफ़र्स के चलते कई कंपनियों को अच्छा व्यावसायिक प्रतिसाद मिला।

इसके अलावा एक्सपो में प्रदर्शित विंटेज कारों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यहां 1930 से पहले की 11 दुर्लभ और ऐतिहासिक महत्व की विंटेज कारों को करीब से देखने का मौका मिला, जिसने ऑटोमोबाइल प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

रविवार को उमड़ी भारी भीड़ और विज़िटर्स का उत्साह ऑटो एक्सपो की सफलता को दर्शाता है। आयोजकों को उम्मीद थी कि एक्सपो के अंतिम दिन सोमवार को भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे और सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजन स्थल पर रौनक बनी रहेगी।