सूरत : श्री रामचरितमानस का 27वां नवाह्न पारायण पाठ श्रद्धापूर्वक सम्पन्न
9 दिनों तक संगीतमय पाठ, झांकियां और महाआरती; 150 से अधिक भक्तों ने लिया भाग
सूरत में श्री रामायण प्रचार समिति द्वारा गोस्वामी तुलसीदास रचित श्री रामचरितमानस के नवाह्न पारायण पाठ का 27वां वार्षिक आयोजन पर्वत पाटिया स्थित शुभम् हाईट्स सोसायटी पार्ट-1 के प्रांगण में श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ।
पिछले नौ दिनों तक प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ मानस की चौपाइयों का संगीतमय पाठ किया गया। आयोजन के दौरान प्रसंगानुसार सुंदर झांकियों का भी आयोजन किया गया, जिसने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। इस धार्मिक अनुष्ठान में 150 से अधिक आसनधारी भक्तों ने भाग लेकर संपूर्ण रामचरितमानस का पाठ किया।
कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समिति के सदस्यों की मधुर और प्रभावशाली गायन शैली के कारण सामूहिक पाठ का वातावरण अत्यंत भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
समिति के धर्मचंद मोहता ने बताया कि कार्यक्रम का समापन राम राज्याभिषेक की जीवंत झांकी, हवन, महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ। वहीं समिति के सुरेश जिंदल ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
आयोजक सोसायटी परिवार के ओमप्रकाश तापड़िया और सुनील बाहेती ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन की भव्यता को देखते हुए वर्ष 2027 की चैत्र नवरात्रि में यह पाठ पर्वत पाटिया स्थित अभिषेक रेजिडेंसी पार्ट-1 में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
