सूरत : स्व. विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में “विक्रम कप” का आयोजन, सूरत में खेले जाएंगे 31 मुकाबले
केएसपीएल-5 सर्व समाज क्रिकेट प्रतियोगिता 29 से 31 मार्च तक, 36 कौम के युवाओं को जोड़ने की पहल
सूरत में श्री कृष्णा ग्रुप द्वारा आयोजित केएसपीएल-5 (केएसपीएल-5) सर्व समाज क्रिकेट प्रतियोगिता इस वर्ष स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत की पावन स्मृति में “विक्रम कप” के रूप में आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता 29, 30 और 31 मार्च 2026 को एल.आर. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अलथान (वेसू) में डे-नाइट प्रारूप में संपन्न होगी।
जानकारी के अनुसार, केएसपीएल की स्थापना स्व. विक्रम सिंह शेखावत की प्रेरणा से की गई थी। इसका उद्देश्य सनातन समाज के विभिन्न वर्गों के युवाओं को एक मंच पर लाकर उन्हें संगठित करना है। उनका विश्वास था कि “संघे शक्ति कलियुगे” अर्थात संगठन में ही सबसे बड़ी शक्ति निहित होती है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 24 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें 384 खिलाड़ी भाग लेंगे और कुल 31 मुकाबले खेले जाएंगे। यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि 36 कौम के युवाओं को एकजुट कर सामाजिक समरसता को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम भी है।
पदाधिकारियों के अनुसार, केएसपीएल क्रिकेट कप को “विक्रम कप” नाम देना स्व. विक्रम सिंह शेखावत के विचारों, समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण और युवाओं को संगठित करने के उनके संकल्प को सच्ची श्रद्धांजलि है। इस आयोजन में श्री करणी सिल्क मिल्स सपोर्टिंग पार्टनर के रूप में तथा साईं धारा एनएक्स प्रा. लि. ड्रेस स्पॉन्सर के रूप में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन महाराणा फाउंडेशन, सूरत के सहयोग से किया जा रहा है।
