सूरत : श्री रामचरितमानस नवाह्न पारायण में आज सजेगी अशोक वाटिका, होगा सुन्दरकाण्ड का भावपूर्ण पाठ
सूरत में चल रहे 27वें आयोजन में सैकड़ों भक्तों की सहभागिता, रामायण के प्रसंगों से गूंज रहा वातावरण
सूरत के परवत पाटिया स्थित शुभम् हाइट्स-1 परिसर में श्री रामायण प्रचार समिति द्वारा आयोजित गोस्वामी तुलसीदास रचित श्री रामचरितमानस नवाह्न पारायण पाठ का 27वां आयोजन इन दिनों श्रद्धा और भक्ति के माहौल में जारी है। कार्यक्रम में प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है, जिसके बाद सुबह 7 बजे से 10:30 बजे तक मानस की चौपाइयों का संगीतमय गायन होता है।
इस धार्मिक आयोजन में करीब 200 भक्त सामूहिक रूप से भाग लेकर भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं। चौपाइयों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है, वहीं भगवान श्रीराम की लीलाओं का सजीव वर्णन श्रद्धालुओं के हृदय पर गहरी छाप छोड़ रहा है।
आयोजन के पहले छह दिनों में बालकाण्ड और अयोध्याकाण्ड के प्रसंगों का गायन किया गया। बुधवार को अरण्यकाण्ड, किष्किंधाकाण्ड और सुन्दरकाण्ड का पाठ होगा, जिसमें अशोक वाटिका का विशेष साज-सज्जा के साथ प्रस्तुतीकरण आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजकों के अनुसार, गुरुवार को राम-रावण युद्ध के प्रसंग का वर्णन किया जाएगा, जबकि शुक्रवार को उत्तरकाण्ड के साथ नवाह्न पारायण पाठ का समापन होगा। समिति ने सभी श्रद्धालु भक्तों से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।
