सूरत : भारत विकास परिषद, गुजरात दक्षिण प्रांत के नए पदाधिकारियों की घोषणा
धर्मेश शाह बने प्रांत अध्यक्ष, कौस्तुभ परीख महासचिव और प्रधूमन जरीवाला कोषाध्यक्ष नियुक्त
भारत विकास परिषद के गुजरात दक्षिण प्रांत के नए पदाधिकारियों की घोषणा केंद्रीय स्तर से दिल्ली द्वारा की गई है। भारत विकास परिषद देशभर में कार्यरत एक प्रमुख पारिवारिक राष्ट्रीय संगठन है, जो सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है।
घोषणा के अनुसार, सूरत के धर्मेश शाह को गुजरात दक्षिण प्रांत का प्रांत अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। धर्मेश शाह पूर्व में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अ.भा.वि.प.) में गुजरात राज्य स्तर तक विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। इसके साथ ही वे वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय, सूरत में सरकार द्वारा नियुक्त सीनेट सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
प्रांत महासचिव के रूप में वडोदरा के कौस्तुभ परीख की नियुक्ति की गई है। वे भारत विकास परिषद में शाखा स्तर से लेकर प्रांत स्तर तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
वहीं, सूरत के प्रधूमन जरीवाला को प्रांत कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वे वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय, सूरत में कॉमर्स फैकल्टी के निर्वाचित सीनेट सदस्य रह चुके हैं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।
नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा का पश्चिम क्षेत्रीय, दक्षिण प्रांतीय तथा विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों ने स्वागत करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। भारत विकास परिषद के प्रांतीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी अप्रैल माह में सूरत में आयोजित किया जाएगा,जिसमें राष्ट्रीय, पश्चिम क्षेत्रीय, प्रांतीय और शाखा स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
