सूरत : होली पर रेलवे की विशेष तैयारी, उधना और सूरत स्टेशन से चलेंगी 20 स्पेशल ट्रेनें

बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए 5 ट्रेनों के सभी कोच होंगे जनरल; भीषण गर्मी को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर वॉटर कूलर और विशाल टेंट एरिया तैयार

सूरत : होली पर रेलवे की विशेष तैयारी,  उधना और सूरत स्टेशन से चलेंगी 20 स्पेशल ट्रेनें

सूरत। होली के महापर्व पर उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे (वेस्टर्न रेलवे) ने कमर कस ली है।

सूरत और उधना स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 'दिवाली मॉडल' पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि हर यात्री सुरक्षित अपने परिवार के साथ त्योहार मना सके।

होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वेस्टर्न रेलवे के अंतर्गत सूरत और उधना स्टेशनों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष इंतज़ाम किए हैं।

दो दिन में 20 ट्रेनें, पांच पूरी तरह जनरल

रेलवे विभाग के अनुसार, 28  फरवरी और 1 मार्च दो दिनों में कुल 20 ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इनमें छह से अधिक स्पेशल अनारक्षित (अनरिज़र्व्ड) ट्रेनें शामिल हैं। साथ ही पांच ट्रेनों के सभी कोच जनरल श्रेणी में परिवर्तित किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

उधना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 को हाई-लेवल प्लेटफॉर्म में अपग्रेड किया गया है। यहां नए शेड, पर्याप्त लाइटिंग और पंखों की व्यवस्था की गई है।

गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म पर वॉटर कूलर लगाए गए हैं। यात्रियों के बैठने के लिए स्थायी होल्डिंग एरिया की क्षमता दोगुनी कर दी गई है। इसके अलावा, एक बड़ा अस्थायी टेंट एरिया भी बनाया गया है, जहां यात्री आराम कर सकेंगे। स्थायी और अस्थायी शौचालयों की भी अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।

भीड़ नियंत्रण के लिए Railway Protection Force (RPF), Government Railway Police (GRP) और सिटी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। टिकट जांच और यात्री सुविधा के लिए अतिरिक्त कमर्शियल स्टाफ लगाया गया है।

हर 8 घंटे में एक वरिष्ठ अधिकारी स्टेशन पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। रेलवे प्रशासन ने भरोसा जताया है कि विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त सुविधाओं के चलते यात्री सुरक्षित और समय पर अपने घर पहुंच सकेंगे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे शांति और अनुशासन बनाए रखें तथा व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित तरीके से होली का त्योहार मना सकें।