सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स का ‘काउ टेक 2026’ एक्सपो दौरा, 2027 में सूरत में मेगा पशुपालन एक्सपो की तैयारी
गौ-आधारित उद्योगों में नए अवसरों की तलाश, भारत सरकार के साथ MoU पर भी चर्चा
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने पुणे में आयोजित ‘काउ टेक 2026’ एक्सपो का दौरा कर गौ-आधारित उद्योगों और इससे जुड़े व्यापारिक अवसरों का अध्ययन किया।
इस दौरे के दौरान चैंबर के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला और एग्रीकल्चर एवं एनिमल हसबेंडरी कमिटी के चेयरमैन के.बी. पिपलिया ने विभिन्न उत्पादों और तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
20 से 23 मार्च 2026 तक महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित इस ग्लोबल समिट और एक्सपो में डेयरी, मशीनरी, लैब और गौ-आधारित उत्पादों से जुड़े उद्यमियों ने भाग लिया। चैंबर के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग स्टॉल का दौरा कर नवीनतम तकनीकों और उत्पादों का अवलोकन किया और इस क्षेत्र में बढ़ती मांग व संभावनाओं पर विशेष रुचि दिखाई।
चैंबर के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला ने बताया कि एक्सपो के दौरान भारत सरकार के गौ सेवा आयोग के चेयरमैन डॉ. वल्लभ कथीरिया के साथ बैठक हुई। इसमें फरवरी 2027 में सूरत में ‘काउ टेक एंड एनिमल हसबेंडरी एंड डेयरी टेक्नोलॉजी’ एक्सपो आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रस्तावित एक्सपो के साथ एक भव्य पशु मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें गाय, घोड़े और हाथी जैसे पशुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई है। इस आयोजन को लेकर चैंबर और भारत सरकार के गौ सेवा आयोग के बीच जल्द ही एक MoU साइन किए जाने की संभावना है।
चैंबर ने उम्मीद जताई है कि इस तरह के बड़े आयोजन से सूरत में डेयरी, पशुपालन और गौ-आधारित उद्योगों को नई गति मिलेगी। साथ ही, उद्योगपतियों और किसानों के लिए व्यापार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
