सूरत : अग्रवाल प्रगति ट्रस्ट की बोर्ड मीटिंग में IITian विप्र गोयल का सेमिनार आयोजित
“जल-ऊर्जा-रोज़गार आत्मनिर्भरता” विषय पर प्रेज़ेंटेशन, ग्रामीण जन-जागरण यात्रा को मिला समर्थन
सूरत। शहर के प्रतिष्ठित अग्रवाल प्रगति ट्रस्ट की बोर्ड मीटिंग में 22 मार्च 2026 को IITian विप्र गोयल द्वारा एक विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार का विषय “जल-ऊर्जा-रोज़गार आत्मनिर्भरता से विकसित भारत उद्देश्य प्राप्ति” रहा, जिसमें आत्मनिर्भर भारत के विजन को ग्रामीण स्तर पर साकार करने पर जोर दिया गया।
सेमिनार में ट्रस्ट की कोर कमेटी के सदस्य—अध्यक्ष नटवरलाल टाटनवाला, सचिव बृजमोहन एस. अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष चिरंजीलाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र जे. अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी और ट्रस्टी उपस्थित रहे। सभी ने विप्र गोयल के प्रेज़ेंटेशन की सराहना करते हुए उनके विचारों को प्रेरणादायक बताया।
बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने सहमति जताई कि ग्रामीण भारत को सामाजिक विभाजनों और जटिल मुद्दों से निकालकर जल, ऊर्जा और रोजगार आधारित आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए जन-जागरण यात्रा निकाली जानी चाहिए।
ट्रस्ट के सचिव बृजमोहन एस. अग्रवाल ने विप्र गोयल के प्रेज़ेंटेशन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक सकारात्मक और दूरदर्शी पहल है, जिसमें ट्रस्ट से जुड़े लोग भी सहयोग करेंगे। वहीं, अध्यक्ष नटवरलाल टाटनवाला ने इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कार्य बताया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीलम गोयल ने ट्रस्ट की कोर कमेटी, बोर्ड ट्रस्टी और सभी आमंत्रित सदस्यों का आभार व्यक्त किया और इस राष्ट्रीय पहल में अग्रवाल समाज के सहयोग की सराहना की।
यह सेमिनार समाज को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने और ग्रामीण विकास के लिए नई सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
