सूरत : एसएमए अध्यक्ष नरेंद्र साबू ने व्यापारियों को दिया डिजिटल और डायरेक्ट सेल्स का संदेश

कहा—उपभोक्ता तक सीधे पहुंचें, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अपनाकर रिटर्न गुड्स और लेट पेमेंट की समस्या कम करें, रिटर्न गुड्स को लेकर 15 दिन की नई समय-सीमा तय

सूरत : एसएमए अध्यक्ष नरेंद्र साबू ने व्यापारियों को दिया डिजिटल और डायरेक्ट सेल्स का संदेश

रमजान के महीने में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण समुदाय विशेष में उत्साह की कमी से व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव, ग्राहकी पिछले साल की तुलना में लगभग 20 से 25 प्रतिशत कम 

सूरत मर्कन्टाइल एसोसिएशन (एसएमए) की 214वीं नियमित साप्ताहिक समस्या समाधान बैठक रविवार, 8 मार्च 2026 को सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक सीटी लाइट स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित की गई। बैठक का संचालन एसएमए प्रमुख नरेन्द्र साबू के नेतृत्व में पंच पैनल और कोर कमेटी की टीम की अगुवाई में किया गया।

इस सप्ताह की बैठक में 135 व्यापारी भाइयों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक के दौरान समस्या समाधान के लिए प्राप्त 16 आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई, जिनमें से दो आवेदनों का समाधान तत्काल आपसी बातचीत से कर दिया गया। शेष मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए पंच पैनल और लीगल टीम को सौंप दिया गया है, जो नियमानुसार समाधान प्रक्रिया में शामिल किए जाएंगे।

बैठक में व्यापार की मौजूदा स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। व्यापारियों के अनुसार रमजान के महीने में इस वर्ष ग्राहकी पिछले साल की तुलना में लगभग 20 से 25 प्रतिशत कम देखी जा रही है। इसका प्रमुख कारण अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण समुदाय विशेष में उत्साह की कमी बताया गया, जिससे व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

इसके अलावा 31 मार्च को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष को लेकर भी व्यापारियों ने चिंता व्यक्त की। उनका मानना है कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष ग्राहकी लगभग 10 से 15 प्रतिशत कम रहने की संभावना है। मुख्य ट्रेडिंग कारोबार से जुड़े करीब 90 प्रतिशत व्यापारी लाभ कमाने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं और आशंका जताई जा रही है कि इस वित्तीय वर्ष में 90 प्रतिशत व्यापारी मुनाफे की बैलेंस शीट बनाने में सफल नहीं हो पाएंगे।

व्यापारियों के अनुसार इस स्थिति का सबसे बड़ा कारण अवांछनीय रिटर्न गुड्स है। इस समस्या के समाधान के लिए बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बेचे गए माल की शिकायत केवल 15 दिन के भीतर ही स्वीकार की जाएगी। यदि इस अवधि के दौरान कोई समस्या आती है तो उचित कारण बताकर माल वापस किया जा सकता है, अन्यथा 15 दिन के बाद रिटर्न स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि यदि इसके बावजूद कोई बाहरी व्यापारी माल लौटाने का प्रयास करता है, तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

बैठक के समापन पर अध्यक्ष नरेंद्र साबू ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में व्यापारियों को बदलते समय के अनुसार व्यापार की नई रणनीतियां अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। इससे रिटर्न गुड्स और लेट पेमेंट जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

नरेंद्र साबू ने व्यापारियों को अधिक से अधिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापार करने से बाजार का दायरा बढ़ता है और ग्राहक तक सीधी पहुंच बनती है, जिससे व्यापार में पारदर्शिता और तेजी आती है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाकर अपने व्यापार को नए आयाम दें।

मीटिंग का समापन स्वादिष्ट शानदार भोजन के साथ सम्पन्न हुआ।  मीटिंग में "एसएमए" परिवार के अशोक गोयल, महेश पाटोदिया, राजकुमार चिरानिया, दुर्गेश टिबडेवाल, मुकेश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अरविंद जैन, विजय कोटरीवाल, राजेश गुरनानी, रामरतन बोहरा, भरत भाई आदि सदस्यों की सादर उपस्थिति रही।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डॉक्टर, वकील, उद्योग, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी  24 महिलाओं का किया सम्मान 

D08032026-02

 सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन (एसएमए) द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर शहर की 24 प्रतिष्ठित महिलाओं को सम्मानित किया गया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली इन महिलाओं को शॉल-दुपट्टा ओढ़ाकर और विशेष भेंट देकर सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मानित महिलाओं में डॉक्टर, वकील, व्यापार, उद्योग, सोशल प्लेटफॉर्म, लेखन और मोटिवेशनल स्पीकिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाएं शामिल रहीं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और उनके योगदान को सम्मानित करना गौरव की बात है।

इस अवसर पर जिन महिलाओं को सम्मानित किया गया, उनमें रितु राठी, सेजल यादव, विमला देवी साबू, वीणा तोषनीवाल, रश्मि दाधीच, नेहा साबू, अपेक्षा महेश्वरी, हिरल बहन पाटिल, रीना सोलंकी, मीना मोदी, सुप्रिया सिक्का, सरला सोनवणे, स्वाति सोनवणे, शोभा पाटिल, चंचल झा, साधना मिश्रा, सुलेखा पटेल, नीलू पटेल, रेखा कामले, मनीषा पाटिल, बिजल बहन, अंकिता भागवत, लस्सी बहन, दमयंती बहन और नकुम बहन के नाम शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags: Surat