सूरत : माटी में मिला माटी का लाल: समाजसेवी विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा 22 मार्च को

हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन, समाज सेवा और मानवता के कार्यों के लिए सदैव याद किए जाएंगे

सूरत : माटी में मिला माटी का लाल: समाजसेवी विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा 22 मार्च को

सूरत के प्रख्यात समाजसेवी एवं कुशल संगठनकर्ता विक्रम सिंह शेखावत का हाल ही में हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से सूरत सहित राजस्थान समाज में गहरा शोक व्याप्त है।

स्व. शेखावत का संपूर्ण जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। उनका सपना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त निःशुल्क चिकित्सा उपलब्ध कराने हेतु अस्पताल का निर्माण करना था। इस उद्देश्य से उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक यह कार्य पूर्ण नहीं होगा, वे किसी भी मंच पर पगड़ी या दुपट्टा धारण नहीं करेंगे, लेकिन उनका यह सपना अधूरा रह गया।

बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे शेखावत विश्व हिंदू परिषद में जिला उपाध्यक्ष के पद पर भी रहे। कोरोना काल के दौरान उन्होंने उमरा श्मशान में हजारों लोगों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

वे राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष रहे और राजस्थान फाउंडेशन से भी सक्रिय रूप से जुड़े थे। उनके नेतृत्व में अनेक सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्य संचालित किए गए, जिनका समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ा।

अंतिम दर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल, संगीता पाटिल तथा सूरत के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं अंतिम यात्रा के पश्चात उनके पैतृक गांव में राजेंद्र राठौड़, श्रवण सिंह बगड़ी, घनश्याम ओझा और अजय पारीक सहित कई लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्व. विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा 22 मार्च 2026 को शाम 6 से 8 बजे तक तुलसी पार्टी प्लॉट में आयोजित की जाएगी, जिसमें 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Tags: Surat