सूरत : नाकोड़ा प्रीमियम लीग सीजन-2 का सफल समापन, द्वारकाधीश XI बनी विजेता
रोमांचक फाइनल में शुभ XI को हराया, तीसरे स्थान पर रही माइटी वारियर टीम को भी किया गया सम्मानित
नाकोड़ा प्रीमियम लीग (NPL) सीजन-2 का समापन शनिवार को बेहद उत्साह और रोमांच के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेले गए सभी मुकाबले रोमांचक रहे, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे जोश और समर्पण के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुभ XI और द्वारकाधीश XI के बीच खेला गया, जो काफी कड़ा और रोमांचक रहा। इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए द्वारकाधीश XI की टीम ने जीत हासिल कर खिताब अपने नाम कर लिया। विशेष बात यह रही कि सूरत में पहली बार किसी टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम माइटी वारियर को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन की इस पहल की सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान सूरत के पूर्व सत्तापक्ष नेता गिरिजाशंकर मिश्रा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना को बढ़ावा देने की बात कही। इस टूर्नामेंट के टाइटल स्पॉन्सर गोल्डेन प्लस के प्रतिनिधि सुकेश भाई के विशेष सहयोग के लिए आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में अनुप राय, राजेश पाल, मुकेश सिंह, राकेश शाह, विक्रम बारिक, अजीत पाल तथा VAARR कमेटी के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
