सूरत : समस्त राजस्थान गौड़ ब्राह्मण संघ, सूरत का होली स्नेह मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह और फाल्गुनी गीतों पर देर रात तक झूमे समाजजन

सूरत : समस्त राजस्थान गौड़ ब्राह्मण संघ, सूरत का होली स्नेह मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न

समस्त राजस्थान गौड़ ब्राह्मण संघ, सूरत द्वारा आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह 1 मार्च की रात्रि को माहेश्वरी भवन, आई माता रोड, पर्वत पाटिया में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समाज के युवाओं के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और फागुनी उत्साह के साथ होली पर्व का आनंद लिया।

समारोह में नरेंद्र शर्मा ‘चंचल’ एंड पार्टी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मारवाड़ी लोकनृत्यों से समां बांध दिया, जिस पर उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों, युवा कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में पदोन्नति प्राप्त युवाओं को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में समाज के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्यों और समाज के ही गायक कलाकार संतोष एवं अनुराग शर्मा की देशभक्ति, मारवाड़ी तथा फाल्गुनी होली गीतों ने वातावरण को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। माहेश्वरी भवन खचाखच भरा होने के बावजूद भोजन के बाद भी महिलाएं और युवा देर रात तक नृत्य और संगीत का आनंद लेते रहे। उत्साह, एकता और आपसी प्रेम के संदेश के साथ आयोजित यह होली स्नेह मिलन समारोह समाज के लिए एक अविस्मरणीय आयोजन बन गया।

Tags: Surat