सूरत : डिंडोली स्थित उमिया माता मंदिर में दो दिवसीय भव्य ‘शक्ति साधना शिविर’ का हुआ आयोजन
डॉ. नवनीत नन्द गिरी महाराज के सानिध्य में भगवती संकीर्तन और गृहस्थ साधना पर हुआ विशेष मार्गदर्शन
आध्यात्मिक जागरण और साधना के माध्यम से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से ‘श्री विन्ध्येश्वरी जन कल्याण सेवा समिति’ द्वारा सूरत में दो दिवसीय भव्य ‘शक्ति साधना शिविर’ का आयोजन किया गया। यह शिविर 14 और 15 मार्च 2026 को डिंडोली स्थित उमिया माता मंदिर परिसर में सम्पन्न हुआ।
शिविर में समिति के डायरेक्टर परम पूज्य डॉ. नवनीत नन्द गिरी महाराज ने भगवती संकीर्तन, कुलदेवी और कुलदेवता की पहचान, भगवती साधना तथा गृहस्थ साधना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतवर्ष में प्राचीन काल से प्रत्येक परिवार में कुल शक्ति और कुल भैरव की प्रतिष्ठा की परंपरा रही है, जो वर्तमान समय में धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य देश के प्रत्येक परिवार में शक्ति की प्रतिष्ठा कर उस दिव्य ऊर्जा को जागृत करना है, ताकि गृहस्थ जीवन जीने वाला व्यक्ति अपनी दिनचर्या के बीच सरल और व्यवस्थित तरीके से शक्ति की पूजा-अर्चना कर सके। साथ ही परिवार को बाहरी नकारात्मक ऊर्जा से सुरक्षित रखने के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।

डॉ. नवनीत नन्द गिरी ने यह भी बताया कि कई लोग लोकाचार के प्रभाव में पूजा, जप, तप और दान जैसे धार्मिक कार्य तो करते हैं, लेकिन सही विधि और क्रम की जानकारी के अभाव में उसमें त्रुटियां रह जाती हैं। ऐसे में सही पद्धति और क्रमबद्ध साधना का ज्ञान देना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर कोर कमेटी के मैनेजर डॉ. जया दित्या प्रसाद, प्रोजेक्ट डायरेक्टर एस्ट्रो. सपना शर्मा, मार्केटिंग डायरेक्टर डॉ. श्रेष्ठा सक्सेना, मीडिया प्रभारी पवन पांडेय, प्रोटोकॉल अधिकारी शीतला प्रसाद तथा शाश्वत भट्ट सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि समिति से जुड़ने के बाद साधकों को शक्ति साधना के सही क्रम का ज्ञान प्राप्त होता है, जिससे वे अपने कुल में आध्यात्मिक ऊर्जा का जागरण कर सकते हैं।
