T20 Women’s Mumbai League के पहले सीजन का आगाज जल्द, रोहित शर्मा ने किया ट्रॉफी का अनावरण

T20 Women’s Mumbai League के पहले सीजन का आगाज जल्द, रोहित शर्मा ने किया ट्रॉफी का अनावरण

मुंबई, 15 मार्च (वेब वार्ता)। Mumbai Cricket Association ने टी20 मुंबई लीग का महिला संस्करण लॉन्च किया। रोहित शर्मा ने ट्रॉफी का अनावरण किया और यह टूर्नामेंट महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने टी20 मुंबई लीग के महिला संस्करण का अनावरण किया। पुरुषों की लीग के तीन सफल सीजन होने के बाद एमसीए ने यह फैसला लिया। रोहित शर्मा जो इस लीग का चेहरा हैं, उन्होंने शनिवार को मुंबई में पुरुषों और महिलाओं के आगामी संस्करणों के लिए ट्रॉफी का अनावरण किया।

रोहित ने कहा कि उन्हें मुंबई क्रिकेट के बढ़ते स्तर को देखकर बहुत खुशी होती है। यह सिर्फ आईपीएल टीम तक सीमित नहीं है, बल्कि टी20 मुंबई लीग ने भी कई युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका दिया है।

उन्होंने बताया कि इस लीग से कई ऐसे खिलाड़ी निकले हैं, जिन्होंने पहले टी20 मुंबई में खेला और बाद में आईपीएल टीमों और भारतीय टीम तक पहुंचे। उनके मुताबिक यह लीग खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का एक बड़ा मंच बन चुकी है।

महिलाओं को आगे बढ़ने का यह अच्छा मौका
रोहित शर्मा ने यह भी कहा कि पिछले सीजन की शानदार सफलता के बाद इस टूर्नामेंट का फिर से आयोजन होना बहुत अच्छी बात है। वह खुद भी पिछले सीजन में इससे जुड़े थे और उन्होंने देखा कि इसे आयोजित करना आसान काम नहीं था।

इस लीग को सफल बनाने के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के सभी सदस्यों को श्रेय मिलना चाहिए। इस साल यह टूर्नामेंट और भी बड़ा हो गया है, क्योंकि इसमें तीन महिला टीमें भी शामिल की गई हैं। इससे महिलाओं के क्रिकेट को भी आगे बढ़ने का अच्छा मौका मिलेगा।

सायली सतघरे ने क्या कहा?
भारतीय महिला क्रिकेटर सायली सतघरे ने कहा, “यह एक बड़ा प्लेटफॉर्म है। मैं इसके लिए एमसीए को धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने महिलाओं के लिए इस लीग को शुरू किया। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में इसमें कुछ और टीमें भी जुड़ेंगी और लड़कियों को अधिक मौके मिलेंगे।

मुंबई में क्रिकेट एक धर्म के जैसा है। मैदानों पर, दिन के किसी भी समय आपको बच्चे क्रिकेट खेलते हुए मिलेंगे। एससीए एक अच्छा अवसर प्रदान करता है।”

हालांकि, मुंबई इंडियंस एसोसिएशन ने अब तक इस टूर्नामेंट के शेड्यूल का ऐलान नहीं किया है। पिछले सीजन यह टूर्नामेंट आईपीएल के ठीक बाद जून में खेला गया था, जिसमें रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव समेत मुंबई के कई स्टार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।