सूरत : श्री गोवर्धननाथजी की हवेली का 31वां पाटोत्सव धूमधाम से मनाया गया
फूलों के पलना, तिलक दर्शन और भजन संध्या में बड़ी संख्या में वैष्णव हुए शामिल
डुमस रोड स्थित श्री गोवर्धननाथजी की हवेली का 31वां पाटोत्सव शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वैष्णवों ने फूलों से सजे पलना और फूल मंडली में विराजमान ठाकोरजी के तिलक दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शाम को हवेली प्रांगण में आयोजित भजन संध्या में भक्तजन भजनों की मधुर धुनों पर झूम उठे।
फाल्गुन मास की दशमी तिथि, शनिवार 14 मार्च को हवेली में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के 31 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष आयोजन किए गए। पिछले तीन दशकों में हवेली की लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई है और आज यह सूरत शहर तथा आसपास के क्षेत्रों के वैष्णवों और श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था का केंद्र बन चुकी है।
पाटोत्सव के अवसर पर शनिवार सुबह 9:30 बजे श्री ठाकोरजी को फूलों से सजे पलना में विराजमान कर लाड लड़ाए गए। इसके बाद सुबह 11 बजे ठाकोरजी को फूलों की मंडली में विराजमान कर तिलक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वैष्णव दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए हवेली पहुंचे।
शाम 6 से 8 बजे तक हवेली के आंगन में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें शिवम ग्रुप, सूरत के राजेश नायक और उनके साथियों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की सुरमयी धुनों पर उपस्थित वैष्णव भावविभोर होकर झूम उठे और पूरे वातावरण में भक्ति का रंग घुल गया।
