सूरत : एनटीपीसी झनोर की सीएसआर पहल, झनोर गाँव में नव-निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन
बच्चों को स्कूल बैग और पीएसई किट वितरित, आसपास के गांवों में भी बन रहे आंगनवाड़ी भवन
सामुदायिक विकास और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनटीपीसी झनोर द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत शनिवार को झनोर गांव में नव-निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पश्चिमी क्षेत्र-1) एवं सीईओ (यूपीएल) ई. सत्य फणी कुमार ने परियोजना प्रमुख (झनोर) दिनेश कुमार सिंह रौतेला और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आंगनवाड़ी भवन को झनोर की सरपंच श्रीमती मंजूबेन वसावा को औपचारिक रूप से सौंपा।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी के बच्चों को स्कूल बैग और पीएसई किट वितरित की गईं, ताकि उनकी प्रारंभिक शिक्षा को प्रोत्साहन मिल सके। साथ ही केंद्र में बच्चों के बैठने के लिए दरी (फ्लोर मैट) भी प्रदान की गई, जिससे उन्हें बेहतर और सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

इस मौके पर क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है और आंगनवाड़ी केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी का उद्देश्य केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास को भी मजबूत बनाना भी है।
एनटीपीसी झनोर द्वारा आसपास के गांवों में आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण कर और शिक्षा-थीम आधारित पेंटिंग के माध्यम से बच्चों के लिए आकर्षक एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में सामलोद, भरथाना और झनोर गांवों में आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण पूरा कर उन्हें ग्राम सरपंचों को सौंप दिया गया है, जबकि दभाली और सिन्धोत गांवों में निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
एनटीपीसी झनोर-गंधार द्वारा इस प्रकार की पहलों के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सके।
