सूरत : ऑटोमोबाइल जगत की चमक से सराबोर हुआ शहर, 'इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो 2026' का शानदार आगाज़
पश्चिमी भारत का सबसे बड़ा ऑटो शो,70 से अधिक ऑटो ब्रांड्स की भागीदारी, 11 दुर्लभ विंटेज कारें आकर्षण का केंद्र
सूरत : शहर के सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार से चार दिवसीय ‘सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ।
सदर्न गुजरात चैंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज तथा इसके ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 13 से 16 मार्च तक रोज सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित की जा रही है।
एक्सपो का उद्घाटन नितिनभाई डोसा ने किया। इस अवसर पर पद्मश्री सवजीभाई डी. ढोलकिया, ई. राजीव, उद्योगपति लवजीभाई बादशाह तथा अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने कहा कि दिल्ली के बाद पश्चिमी भारत का सबसे बड़ा ऑटो एक्सपो अब सूरत में आयोजित हो रहा है। इस एक्सपो में कार, टू-व्हीलर और कमर्शियल वाहन से जुड़े 70 से अधिक ब्रांड्स भाग ले रहे हैं, जहां नवीनतम मॉडल और अत्याधुनिक ऑटोमोबाइल तकनीक का प्रदर्शन किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नितिन डोसा ने कहा कि एक्सपो में प्रदर्शित 11 दुर्लभ विंटेज कारें दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में सूरत में देश के विभिन्न राजघरानों की विंटेज कारों की अलग प्रदर्शनी भी आयोजित की जा सकती है, जिसके लिए मुंबई से करीब 150 विंटेज कारें सूरत लाई जा सकती हैं।
हरि कृष्णा एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन पद्मश्री सावजीभाई ढोलकिया ने कहा कि इस तरह के आयोजन सूरत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं और युवाओं को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने ऑटोमोबाइल कंपनियों से ग्राहकों को बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस देने पर भी जोर दिया।
इंटरनेशनल ऑटोमोबाइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (iACE) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ई. राजीव ने कहा कि यह एक्सपो दर्शाता है कि सूरत तेजी से एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित हो रहा है। भविष्य में ऑटोमोबाइल सेक्टर के नए प्लांट यहां स्थापित होने की संभावना भी है, जिससे मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
ऑटो एक्सपो के चेयरमैन मेहुल देसाई ने बताया कि दिल्ली के बाद सूरत में आयोजित यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा कॉम्पोजिट ऑटो एक्सपो है। इसमें मिनी कूपर, ऑडी, मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्लू, जगुआर-लैंड रोवर, टाटा मोटर्स, हुंडई, किआ, जीप, एमजी, रेनॉल्ट, निसान, स्कोडा, टोयोटा, वोल्वो, सिट्रोएन और महिंद्रा जैसे प्रमुख ब्रांड्स भाग ले रहे हैं।
टू-व्हीलर और कमर्शियल सेगमेंट में रॉयल एनफील्ड, सुजुकी, केटीएण, एथर, यामाहा, टीवीएस, बजाज चेतक सहित कई कंपनियां अपने नए मॉडल प्रदर्शित कर रही हैं। इसके अलावा टाटा और महिंद्रा के कमर्शियल वाहनों का भी प्रदर्शन किया गया है।
एक्सपो में 11 दुर्लभ विंटेज कारों की प्रदर्शनी, 10 नई पैसेंजर कारों और तीन कमर्शियल वाहनों का लॉन्च, स्टंट बाइक शो और ऑफ-रोड प्रूविंग ग्राउंड जैसे आकर्षण भी रखे गए हैं, जो आगंतुकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान चैंबर के पदाधिकारियों और शहर के कई उद्योगपति एवं व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन को मोबिल, ऑल इंडिया ऑटोमोबाइल वर्कशॉप्स एसोसिएशन, सूरत कार एक्सेसरीज एसोसिएशन और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का सहयोग प्राप्त है।
