सूरत : सिटीलिंक बसों में 100% टिकटिंग सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान शुरू

एक अप्रैल से बीआरटीएस और सीटी बसों में वरिष्ठ नागरिकों के निःशुल्क यात्रा

सूरत : सिटीलिंक बसों में 100% टिकटिंग सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान शुरू

सूरत। सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन  के अंतर्गत संचालित सूरत सिटीलिंक लिमिटेड ने शहर के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को अधिक पारदर्शी और राजस्व-सक्षम बनाने के लिए ‘बेंचमार्किंग एक्टिविटी’ शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

नगर निगम की सामुहिक परिवहन समिति के अध्यक्ष सोमनाथ मराठे ने जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल के तहत शहर के हर रूट पर चलने वाली बसों में 100 प्रतिशत सही टिकटिंग की जांच की जाएगी, ताकि किराया वसूलने वाली एजेंसियों को दिए गए लक्ष्य के अनुसार टिकटिंग सुनिश्चित हो सके और किराए से होने वाले राजस्व में किसी भी प्रकार के नुकसान को रोका जा सके।

यह विशेष चेकिंग अभियान सभी बस ट्रिप में सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चलाया जाएगा। इसके जरिए हर रूट के औसत राजस्व और यात्रियों की वास्तविक संख्या का सटीक आकलन किया जा सकेगा।

यह इंटेंसिव चेकिंग अभियान एक सप्ताह तक जारी रहेगा। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिनमें विजिलेंस अधिकारी, रूट असिस्टेंट और मार्शल शामिल होंगे। ये टीमें दो शिफ्ट में काम करते हुए बसों की जांच करेंगी।

अभियान का मुख्य उद्देश्य एजेंसी के सुपरवाइजर की मौजूदगी में बसों से प्राप्त होने वाले वास्तविक राजस्व का पता लगाना है, ताकि भविष्य में राजस्व लक्ष्य तय करते समय किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

यात्रियों के साथ किसी प्रकार का विवाद न हो और कंडक्टर को होने वाली समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके, इसके लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

सिटीलिंक के जनरल मैनेजर ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान से शहर की बस सेवा में पारदर्शिता बढ़ने और परिवहन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

परिवहन समिति के अध्यक्ष सोमनाथ मराठे ने कहा कि सूरत नगर निगम द्वारा वर्ष 2026-27 के बजट में स्थायी समिति द्वारा सुचित प्रस्ताव के अनुसार बीआरटीएस और सीटी बसों में वरिष्ठ नागरीक सुरक्षित और सरल प्रवास के लिए निःशुल्क बस पास की सुविधा शुरू की जायेगी।शहर में 9 बस पास सेन्टर से वरिष्ठ नागरीक 1 अप्रैल 2026 से निःशुल्क बस पास सेवा का लाभ ले सकते है। 

Tags: Surat