सूरत : 'टेक्सटाइल कॉन्क्लेव 2026' में भविष्य का रोडमैप तैया, AI और सस्टेनेबिलिटी को अपनाकर ग्लोबल लीडर बनेगा सूरत
चैंबर ऑफ कॉमर्स के आयोजन में लूथरा ग्रुप और दिग्गजों ने दिया मार्गदर्शन, यूरोपियन स्टैंडर्ड्स और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हुई चर्चा
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा प्लैटिनम हॉल, सरसाना में ‘टेक्सटाइल कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूरत के टेक्सटाइल उद्यमियों को वैश्विक चुनौतियों और नए अवसरों के बारे में मार्गदर्शन देना था।
कॉन्क्लेव में लूथरा ग्रुप के चेयरमैन गिरीश लूथरा, कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (सीआईटीआई) के पूर्व अध्यक्ष एवं टीटी लीमिटेड के चेयरमैन संजय जैन, तथा एआई एक्सपर्ट गुरुदास अरास मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने कहा कि सूरत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देती है। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में सस्टेनेबिलिटी, टेक्नोलॉजी और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) जैसे मुद्दों को समझना समय की आवश्यकता है।
गिरीश लूथरा ने ‘एफटीए के जरिए एक्सपोर्ट बढ़ाने हेतु यूरोपियन यूनियन के स्टैंडर्ड्स को पूरा करने के लिए सस्टेनेबिलिटी, सर्कुलरिटी और कम्प्लायंस’ विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यूरोपीय बाजार के कड़े पर्यावरणीय मानकों, कार्बन फुटप्रिंट घटाने, सर्कुलर इकोनॉमी मॉडल और ट्रेसेबिलिटी सिस्टम अपनाने पर जोर दिया।
संजय जैन ने भारत द्वारा हाल में साइन किए गए एफटीए के संदर्भ में एमएमएफ टेक्सटाइल सेक्टर में उभरते अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अलग-अलग टेक्सटाइल क्लस्टर्स के बीच तालमेल बनाकर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट की आवश्यकता बताई।
गुरुदास अरास ने ‘टेक्सटाइल्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग का इम्प्लीमेंटेशन’ विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि AI और ML के उपयोग से उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सकती है, क्वालिटी कंट्रोल बेहतर किया जा सकता है, डिमांड फोरकास्टिंग सटीक बनाई जा सकती है और सप्लाई चेन मैनेजमेंट को मजबूत किया जा सकता है।
चैंबर के टेक्सटाइल टास्क फोर्स के चेयरमैन एवं पूर्व अध्यक्ष आशीष गुजराती ने कहा कि कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए स्पष्ट दिशा और रणनीति प्रदान करना था।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष विजय मेवावाला, ऑनरेरी मिनिस्टर बिजल जरीवाला, ऑनरेरी ट्रेजरर सीए मितेश मोदी, भिलोसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के के सीओओ दीप दत्त शर्मा, टेक्सटाइल टास्क फोर्स के एडवाइजर एस.पी. वर्मा सहित कई उद्योगपति, निर्यातक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
चैंबर के ग्रुप चेयरमैन डॉ. अनिल सरावगी ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि चैंबर सदस्य अतुल पटेल ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
