सूरत : 'SITEX 2026' में उमड़ा खरीदारों का सैलाब; दो दिनों में 17 हजार से अधिक विजिटर्स ने टेक्सटाइल तकनीक को सराहा

देश के 35 से अधिक शहरों से पहुंचे कपड़ा उद्यमी; हाई-स्पीड रैपियर जैक्वार्ड और एम्ब्रॉयडरी मशीनों के आधुनिक डेमो बने आकर्षण का केंद्र

सूरत : 'SITEX 2026' में उमड़ा खरीदारों का सैलाब; दो दिनों में 17 हजार से अधिक विजिटर्स ने टेक्सटाइल तकनीक को सराहा

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और सदर्न गुजरात चैंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर  द्वारा 21, 22 और 23 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक सूरत इंटरनेशनल एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर(सरसाना) में आयोजित ‘Sitex – सूरत इंटरनेशनल टेक्सटाइल एक्सपो 2026’ को खरीदारों और विज़िटर्स का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। दो दिनों में ही 17,410 से अधिक लोगों की उपस्थिति ने एक्सपो को ऐतिहासिक बना दिया है।

चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि प्रदर्शनी में विश्वस्तरीय टेक्सटाइल मशीनरी का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान दुनिया की पहली चार-शीट वाली हाई-स्पीड रैपियर जैक्वार्ड मशीन लॉन्च की गई, जो एक्सपो का मुख्य आकर्षण रही। इसके अलावा हाई-स्पीड एयरजेट मशीन, नई पोज़िशन प्रिंटर मशीनरी, पोज़िशन एम्ब्रॉयडरी मशीनरी और सर्कुलर निटिंग मशीनों की नवीनतम रेंज भी प्रदर्शित की गई है।

आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन शनिवार को 5,560 खरीदार और विज़िटर पहुंचे, जबकि दूसरे दिन रविवार को यह संख्या बढ़कर 11,850 हो गई। इस प्रकार, दो दिनों में कुल 17,410 विज़िटर्स की उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे प्रदर्शकों के साथ-साथ सूरत की संपूर्ण टेक्सटाइल इंडस्ट्री को भी व्यापक लाभ हुआ है।

देशभर के विभिन्न शहरों—अहमदाबाद, मुंबई, कोलकाता, इंदौर, भीलवाड़ा, वाराणसी, हैदराबाद, नई दिल्ली, पुणे, कोयंबटूर, तिरुपुर, चेन्नई, बैंगलोर सहित अनेक औद्योगिक केंद्रों—से बड़ी संख्या में व्यापारिक प्रतिनिधि और उद्योग से जुड़े लोग एक्सपो में शामिल हुए।

उद्योग जगत का मानना है कि ‘सिटेक्स 2026’ टेक्सटाइल क्षेत्र में नई तकनीक, नवाचार और व्यापारिक संभावनाओं के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है।

Tags: Surat SGCCI