सूरत : ‘गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान’ व मातृशक्ति प्रेरणा सम्मान कार्यक्रम आयोजित

तेरापंथ महिला मंडल की पहल, दीक्षार्थियों की माताओं व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों का हुआ सम्मान

सूरत : ‘गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान’ व मातृशक्ति प्रेरणा सम्मान कार्यक्रम आयोजित

 अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल द्वारा ‘गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान’ और ‘मातृशक्ति प्रेरणा सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन सिटीलाइट स्थित तेरापंथ भवन में किया गया। कार्यक्रम शासनश्री साध्वी मधुबालाजी ठाणा-5 के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह तेरापंथ जैन समाज का एक सशक्त महिला संगठन है, जिसकी भारत और नेपाल में 500 से अधिक शाखाएँ तथा 65 हजार से अधिक सक्रिय महिला सदस्य हैं। लगभग पाँच दशकों से यह संगठन महिला सशक्तिकरण, संस्कार निर्माण और सामाजिक जागरूकता के विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के पहले चरण में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु देरासरिया, संगठन मंत्री निधि सेखानी और कार्यसमिति सदस्य पूर्णिमा गादिया के साथ सूरत महिला मंडल की मंत्री बिंदु भंसाली तथा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहीं।

दूसरे चरण में कार्यक्रम की शुरुआत साध्वी श्रीजी के नमस्कार महामंत्र के साथ हुई, जिसके बाद मंडल की बहनों ने प्रेरणा गीत के माध्यम से मंगलाचरण प्रस्तुत किया। सूरत महिला मंडल की उपाध्यक्ष सीमा भोगर ने स्वागत वक्तव्य देते हुए दीक्षार्थियों की माताओं, एनजीओ के प्रतिनिधियों और उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु देरासरिया, राष्ट्रीय संगठन मंत्री निधि सेखानी और सीए मेघना सुराणा ने महिलाओं के अधिकार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। प्रश्नोत्तर सत्र में पारिवारिक, राष्ट्रीय और सामाजिक स्तर पर महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने महिलाओं को आर्थिक प्रबंधन, बैंकिंग ज्ञान और आत्मविश्वास बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर मंडल की बहनों द्वारा ‘गृहलक्ष्मी को मेरा प्रणाम’ शीर्षक से एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई। साध्वी मंजुलयशा जी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उन माताओं की सराहना की, जिन्होंने अपनी संतानों को धर्मसंघ में समर्पित किया है।

कार्यक्रम के दौरान 35 दीक्षार्थियों की माताओं और 41 सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। लगभग 200 महिलाओं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन संयोजिका सरोज बांठिया और रीटा परमार ने किया, जबकि सह-संयोजिका सुषमा बोथरा, चांदनी सुराणा, श्वेता धाड़िवाल और कांता चंडालिया ने सहयोग दिया। अंत में मंडल की मंत्री बिंदु भंसाली ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

Tags: Surat