सूरत : ‘टेक्सटाइल इनोवेशन’ पर इंडस्ट्री–एकेडेमिया मीटिंग 6 मार्च को
FOSTTA, GTU और VNSGU की संयुक्त पहल, समस्याओं के समाधान के लिए बनेगा विशेष डिजिटल रिपॉजिटरी
सूरत, 5 मार्च, 2026 – सूरत के ऐतिहासिक टेक्सटाइल उद्योग को आधुनिक तकनीक और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुकूल बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) द्वारा आगामी 6 मार्च, 2026 (शुक्रवार) को शाम 4:00 बजे एक विशेष 'इंडस्ट्री-एकेडेमिया मीटिंग' का आयोजन किया गया है। यह बैठक मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट-1 स्थित फोस्टा बोर्डरूम में संपन्न होगी।
यह आयोजन फोस्टा, गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (जीटीयू) और वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी (वीएनएसजीयू) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस बैठक में न केवल कपड़ा व्यापार के दिग्गज, बल्कि MSMEs, सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि, शोधकर्ता, स्टार्टअप संचालक और इन्क्यूबेशन सेंटर्स के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने इस पहल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि कपड़ा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान अब केवल पारंपरिक तरीकों से संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि मुख्य उद्देश्य: टेक्सटाइल वैल्यू चेन की चुनौतियों की पहचान करना और उनके लिए टेक्नोलॉजी आधारित समाधान तैयार करना।
उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच तालमेल बिठाकर स्टार्टअप आधारित नवाचार को बढ़ावा देना, जिससे गुजरात का टेक्सटाइल सेक्टर वैश्विक बाजार में मजबूती से खड़ा हो सके।
बैठक के दौरान भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित तकनीकी पहलुओं पर फोकस किया जाएगा।
ऑटोमेशन और इंडस्ट्री 4.0: मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया का डिजिटलीकरण। सस्टेनेबिलिटी: जल संरक्षण (Water Conservation) और ऊर्जा दक्षता (Energy Efficiency)। गुणवत्ता सुधार: उत्पादन में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्वालिटी कंट्रोल।
इस मीटिंग में कुछ दूरगामी परिणाम देने वाली योजनाओं पर भी प्रस्ताव रखे जाएंगे, जिनमें शामिल हैं। उद्योग की जटिल समस्याओं को संकलित करने के लिए एक विशेष डेटाबेस। इंजीनियरिंग और रिसर्च के छात्रों के लिए कपड़ा उद्योग से जुड़ी समस्याओं पर आधारित प्रतियोगिताएं। MSMEs के लिए शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर कंसल्टेंसी और रिसर्च प्रोजेक्ट्स की शुरुआत।
शिक्षा जगत और उद्योग के बीच की यह दूरी कम होने से सूरत का कपड़ा व्यापार न केवल तकनीकी रूप से समृद्ध होगा, बल्कि युवाओं के लिए नए स्टार्टअप और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
