सूरत : अखिल भारत हिन्दू महासभा सूरत द्वारा रक्तदान शिविर का सफल आयोजन, 45 बोतल रक्त एकत्रित
समाजसेवा के इस पुनीत कार्य ने मानवता और सेवा भाव का प्रेरक संदेश दिया
होली के पावन पर्व पर जीवन में खुशियों के रंग भरने और रक्तदान के माध्यम से अनेक जरूरतमंदों के जीवन में आशा का उजाला फैलाने के उद्देश्य से सूरत में अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा यूनिक डेंटल केयर के सहयोग से भव्य एवं सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवा के इस पुनीत कार्य ने मानवता और सेवा भाव का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अक्षरधाम मंदिर, सूरत से पधारे पूज्य सरलनिधिदास स्वामीजी के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं शांति पाठ के साथ किया गया। स्वामीजी ने अपने आशीर्वचनों में समाजसेवा, रक्तदान तथा परस्पर सहयोग के मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
रेड क्रॉस ब्लड सेंटर के चेयरमैन डॉ. प्रफुल शिरोया तथा सूरत शहर की पूर्व महापौर श्रीमती अश्मिताबेन शिरोया की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान, नेत्रदान, देहदान एवं अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर गुजरात प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भरतभाई परमार एवं महामंत्री अजीतसिंह उमट के मार्गदर्शन में संगठन मंत्री जयपालसिंह तथा जिला अध्यक्ष डॉ. उर्वीशभाई सहित सभी कार्यकर्ताओं के सक्रिय सहयोग से कुल 45 बोतल रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में संगठन के सभी कार्यकर्ताओं के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए संगठन में एकता, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ समाजहित के कार्य निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया। छापरा भाढा के सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश देसाई, सौराष्ट्र कोली समाज के नरेशभाई गोहिल तथा वरियाव रामदेव मंदिर के भरतजी बापू भी उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का अभिनंदन किया।
अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा आयोजित यह शिविर समाज में मानवता, सेवा और एकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। भविष्य में भी ऐसे सेवाभावी कार्यक्रमों के माध्यम से समाजहित के कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।
