सूरत : महाराष्ट्र ने जीता T20 मानस नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट

फाइनल में गुजरात को हराकर बना चैंपियन, दिव्यांग खिलाड़ियों ने दिखाया जज्बा

सूरत : महाराष्ट्र ने जीता T20 मानस नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट

मानस सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट, सूरत द्वारा आयोजित T20 मानस नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब महाराष्ट्र टीम ने अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र ने गुजरात को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का पहला मैच गुजरात और हरियाणा के बीच खेला गया, जिसमें गुजरात ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। 27 फरवरी को खेले गए फाइनल मैच में महाराष्ट्र और गुजरात आमने-सामने थे। महाराष्ट्र टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में गुजरात की टीम 180 रन पर ऑल आउट हो गई, जिससे महाराष्ट्र ने शानदार जीत हासिल की।

ट्रस्ट के संस्थापक नेमीचंद जांगिड़ ने बताया कि वे पिछले छह वर्षों से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित कर रहे हैं। उनका उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना, उनकी संख्या बढ़ाना और उन्हें सामान्य खिलाड़ियों की तरह अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है, ताकि वे खेल के माध्यम से देश में पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों के उत्साह और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Tags: Surat