सूरत : बोर्ड परीक्षाओं का आगाज़, कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने छात्रों को फूल देकर बढ़ाया उत्साह
ट्रैफिक में फंसे छात्र 112 डायल कर मांग सकेंगे पुलिस से मदद,1.60 लाख से अधिक विद्यार्थी सूरत जिले में दे रहे हैं परीक्षा
सूरत। राज्यभर में कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। सूरत जिले में इस वर्ष 1 लाख 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है।
परीक्षार्थियों को तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी और पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने अठवागेट स्थित वनिता विश्राम स्कूल के परीक्षा केंद्र का दौरा किया।
जिला कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने विद्यार्थियों को फूल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने परीक्षा को “शिक्षा का त्योहार” बताते हुए छात्रों से मेहनत पर भरोसा रखने और बिना डर के परीक्षा देने की अपील की।
डॉ. पारधी ने बताया कि विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करने के लिए पिछले कई दिनों से काउंसलिंग सत्र और कार्यशालाएं आयोजित की जा रही थीं। गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी परीक्षा केंद्रों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी छात्र की तबीयत खराब होने पर तुरंत सहायता मिल सके।
पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि शहर में चल रहे मेट्रो और ब्रिज निर्माण कार्यों को देखते हुए करीब 40 ट्रैफिक-संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। परीक्षा के दौरान छात्रों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
सूरत पुलिस की टू-व्हीलर ट्रैफिक टीम और 112 हेल्पलाइन वाहन शहर में लगातार गश्त करेंगे। यदि कोई छात्र ट्रैफिक में फंस जाता है या परीक्षा केंद्र पर देर होने की आशंका हो, तो वह 112 हेल्पलाइन पर कॉल कर पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकता है। जरूरत पड़ने पर पुलिस वाहन छात्र को सुरक्षित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएगा।
प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने की शुभकामनाएं दी हैं।
