सूरत : लक्ष्मीपति मिल में ऑफ-साइट मॉक ड्रिल सफल, आगजनी से निपटने की तैयारियों का परीक्षण

सूरत लोकल ज़ैसिस ग्रुप की पहल पर 30 मिनट में काबू पाया गया ‘आपात स्थिति’ पर, विभिन्न विभागों की त्वरित समन्वय क्षमता परखी गई

सूरत : लक्ष्मीपति मिल में ऑफ-साइट मॉक ड्रिल सफल, आगजनी से निपटने की तैयारियों का परीक्षण

टेक्सटाइल उद्योग में संभावित अग्निकांड जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सूरत लोकल ज़ैसिस ग्रुप द्वारा पांडेसरा स्थित सिद्धि विनायक नोट्स एंड प्रिंट्स प्राइवेट लिमिटेड (लक्ष्मीपति मिल), यूनिट-1 में ऑफ-साइट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। डाई एंड प्रिंटिंग मिल परिसर में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य आग लगने की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था।

मॉक ड्रिल के परिदृश्य के अनुसार, बिजली के शॉर्ट सर्किट से फैब्रिक वेस्ट गोदाम में भीषण आग लग गई। प्रारंभ में फैक्ट्री की फायर टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर समीप स्थित कलरटेक्स फैक्ट्री की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख ऑफ-साइट इमरजेंसी घोषित कर सूरत लोकल कैसिस ग्रुप को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही लोकल कैसिस ग्रुप के चेयरमैन, एसडीएम, सूरत फायर विभाग के अधिकारी, उधना मामलतदार, फैक्ट्री निरीक्षक, सिविल अस्पताल की मेडिकल टीम व एंबुलेंस, जीपीसीबी और पांडेसरा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयास से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया और ‘घायलों’ को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

सुबह 11:15 बजे शुरू हुई यह मॉक ड्रिल 30 मिनट में 11:45 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस अवसर पर लक्ष्मीपति ग्रुप के डायरेक्टर संजय सरावगी, मिल के कर्मचारी और आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में लक्ष्मीपति ग्रुप द्वारा सभी सहयोगी विभागों और प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया।

Tags: Surat