वडोदरा मंडल पर मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन
उधना स्टेशन पर यात्रियों के ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए उत्राण स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल पर मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (DRUCC) की इस वर्ष की पहली बैठक का आयोजन मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, वडोदरा में किया गया। बैठक के प्रारंभ में समिति के सचिव व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नरेन्द्र कुमार ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद समिति के अध्यक्ष एवं वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके द्वारा संक्षिप्त प्रजेंटेशन के माध्यम से सभी सदस्यों को मंडल की गतिविधियों एवं विकास कार्यों से अवगत कराया गया।
श्री भडके ने माननीय सदस्यों को मंडल पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किये जा रहे स्टेशनों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतापनगर- जोबट क्षेत्र पर ट्रेनों की सेक्शन स्पीड बढ़ाने के साथ-साथ स्टेशनों पर प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि इसमें दिव्यांग फ्रेंडली सुविधा के दृष्टिकोण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने आगे बताया कि उधना स्टेशन पर यात्रियों के ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए उत्राण स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने आगामी होली के त्यौहार को देखते हुए वडोदरा मंडल द्वारा चलायी जा रही गोरखपुर एवं मऊ के लिए स्पेशल ट्रेन की जानकारी भी दी।
इस दौरान समिति सदस्यों द्वारा अपने अपने क्षेत्र की रेल समस्याओं, ट्रेनों के स्टॉपेज, विस्तार,नई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा मंडल के स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाएं प्रदान करने के लिए अपने सुझाव दिये। मंडल रेल प्रंबधक राजू भडके ने सभी सदस्यों के सुझावों पर शीघ्र उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए कहा कि यात्री सुविधाओं का विकास वडोदरा मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस आयोजित बैठक में सदस्यों में सर्वश्री निपम आर देसाई, भरत आर गुप्ता, नीलेशकुमार आई पटेल, ईश्वर पी सज्जन, वंदनकुमार बी पंड्या, ओमकारनाथ तिवारी, एम. हबीब लोखंडवाला, इंद्रवदन एस जोशी, व्यास मितलभाई कौशिकभाई और राकेशचंद्र वी व्यास उपस्थित थे। बैठक के दौरान वडोदरा मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
