वडोदरा–मऊ स्पेशल ट्रेन के समय और मार्ग में बदलाव, अब प्रतापनगर से होगा संचालन
मेगा ब्लॉक के चलते 11 अप्रैल से लागू संशोधन, साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन नई समय-सारिणी के अनुसार चलेगी
यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को समायोजित करने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे द्वारा संचालित वडोदरा–मऊ स्पेशल ट्रेन के समय और मार्ग में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में कानपुर सेंट्रल–कानपुर ब्रिज लेफ्ट बैंक खंड पर मेगा ब्लॉक के कारण यह बदलाव लागू किया गया है। अब यह ट्रेन वडोदरा जंक्शन के बजाय प्रतापनगर स्टेशन से संचालित की जा रही है और 11 अप्रैल 2026 से यहीं से शुरू एवं समाप्त हो रही है।
वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है। पहले यह ट्रेन टूंडला, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ और सुल्तानपुर के रास्ते चलती थी, लेकिन अब इसे टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, बनारस और औंरिहार के नए मार्ग से संचालित किया जा रहा है।
ट्रेन संख्या 09195/09196 प्रतापनगर–मऊ साप्ताहिक स्पेशल के तहत, ट्रेन संख्या 09195 प्रतापनगर–मऊ सुपरफास्ट स्पेशल प्रत्येक शनिवार को शाम 4:00 बजे प्रतापनगर से प्रस्थान कर अगले दिन शाम 6:00 बजे मऊ पहुंचेगी। यह सेवा 11 अप्रैल 2026 से 25 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 09196 मऊ–प्रतापनगर सुपरफास्ट स्पेशल प्रत्येक रविवार को रात 11:25 बजे मऊ से रवाना होकर मंगलवार को सुबह 3:15 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी। यह सेवा 12 अप्रैल 2026 से 26 जुलाई 2026 तक संचालित रहेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में वडोदरा, गोधरा, दाहोद, रतलाम जंक्शन, कोटा जंक्शन, गंगापुर सिटी, बयाना जंक्शन, रूपवास, आगरा कैंट, फतेहाबाद, भाभर, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन, ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी और औंरिहार स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि ट्रेन के ठहराव, समय और संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट [www.enquiry.indianrail.gov.in](http://www.enquiry.indianrail.gov.in) पर जाकर जानकारी प्राप्त करें।
