जिम्बाब्वे के कोच सैमन्स ने कहा, भारत कोई कसर नहीं छोड़ेगा लेकिन हमें स्मार्ट क्रिकेट खेलनी होगी

जिम्बाब्वे के कोच सैमन्स ने कहा, भारत कोई कसर नहीं छोड़ेगा लेकिन हमें स्मार्ट क्रिकेट खेलनी होगी

मुंबई, 24 फरवरी (वेब वार्ता)। जिम्बाब्वे के मुख्य कोच जस्टिन सैमन्स जानते हैं कि भारत उनके खिलाफ गुरुवार को टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में आक्रामक रुख अपनाएगा, लेकिन उनका मानना ​​है कि वेस्टइंडीज से मिली करारी हार से मिले सबक के बाद उनकी कमजोर मानी जाने वाली टीम इस महत्वपूर्ण मैच के लिए पूरी तरह से तैयार रहेगी।

वेस्टइंडीज ने सोमवार को यहां खेले गए सुपर आठ के मैच में जिम्बाब्वे को 107 रन से करारी शिकस्त दी। भारत को भी अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से 83 रन से हार का सामना करना पड़ा था और सैमन्स को लगता है कि भारतीय टीम उनके खिलाफ शुरू से ही हावी होकर खेलने की
कोशिश करेगी।

वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच के बाद सैमन्स ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि भारत किस तरह से खेलेगा और उनका तरीका भी वैसा ही होगा जैसा कि वेस्टइंडीज ने अपनाया। वे (भारत) कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।‘‘

उन्होंने कहा, ‘‘इससे हमें अच्छी सीख मिलेगी। हम दबाव से कैसे निपटते हैं, हम कैसे शांत रहते हैं और कैसे तुरंत सोच-समझकर काम करते हैं। हम कैसे बदलाव करने की कोशिश करते हैं और कैसे बल्लेबाजों की लय को बिगाड़ते हैं।’’

सैमन्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ की गई गलतियों को स्वीकार करते हुए कहा कि उनकी टीम विशेष रूप से गेंदबाजी इकाई को लेकर विपक्षी टीम ने जो पूर्व अनुमान लगाए वह सही साबित हुए और भारत के खिलाफ इस तरह की गलती से बचना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस मामले में थोड़ा और समझदारी से काम ले सकते हैं। चेन्नई का मैदान थोड़ा बड़ा होगा और शायद इस लिहाज से वहां हमें थोड़ी ज्यादा आसानी होगी।’’