सूरत : SITEX 2026 भव्य समापन, 26,000 से अधिक विज़िटर, 1500 करोड़ से ज्यादा के ऑर्डर की उम्मीद
टेक्सटाइल मशीनरी और टेक्नोलॉजी सेक्टर में नए बेंचमार्क, देशभर से खरीदारों की भागीदारी
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीतथा सदर्न गुजरात चैंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर द्वारा आयोजित ‘SITEX – सूरत इंटरनेशनल टेक्सटाइल एक्सपो 2026’ का सोमवार को सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में शानदार समापन हुआ। 21 से 23 फरवरी तक चले इस तीन दिवसीय आयोजन ने टेक्सटाइल मशीनरी और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया।
आयोजकों के अनुसार, एक्सपो में 26,000 से अधिक खरीदारों और विज़िटर्स ने भाग लिया। एग्ज़िबिटर्स को अगले तीन से चार महीनों में लगभग ₹1500 करोड़ से अधिक के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है, जिससे टेक्सटाइल इंडस्ट्री में निवेश और विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं।
तीन दिनों में 26,007 विज़िटर
तीन दिवसीय आयोजन में विज़िटर्स की संख्या इस प्रकार रही—
21 फरवरी: 5,560
22 फरवरी: 11,850
23 फरवरी: 8,597
कुल: 26,007 विज़िटर
चैंबर के प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी ने एक्सपो की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि एग्ज़िबिटर्स से मिला प्रतिसाद अत्यंत सकारात्मक रहा और SITEX 2026 ‘सुपर हिट’ साबित हुआ। उन्होंने बताया कि देशभर से आए खरीदारों के साथ ‘वन-टू-वन’ बिज़नेस मीटिंग्स के चलते बड़ी संख्या में नई इन्क्वायरी और ऑन-द-स्पॉट ऑर्डर प्राप्त हुए।
आधुनिक मशीनरी ने खींचा ध्यान
एक्सपो की प्रमुख आकर्षणों में दुनिया की पहली ‘फोर-शीट हाई स्पीड रैपियर जैक्वार्ड मशीन’ का लॉन्च शामिल रहा। इसके अलावा—
हाई स्पीड एयरजेट मशीन का लाइव डेमोंस्ट्रेशन
नई पोज़िशन प्रिंटर मशीनरी
एडवांस्ड एम्ब्रॉयडरी मशीनरी
सर्कुलर निटिंग मशीनों की अत्याधुनिक रेंज
करोड़ों रुपये मूल्य की स्टेट-ऑफ-द-आर्ट मशीनरी के लिए कई खरीदारों ने अग्रिम बुकिंग भी कराई।
40 से अधिक शहरों से पहुंचे खरीदार
SITEX-2026 में गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर भारत और दक्षिण भारत सहित 40 से अधिक शहरों से टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि पहुंचे। अहमदाबाद, मुंबई, नई दिल्ली, भीलवाड़ा, बैंगलोर, कोयंबटूर और कोलकाता जैसे प्रमुख औद्योगिक शहरों की भागीदारी ने आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
आयोजकों का मानना है कि यह एक्सपो सूरत को टेक्सटाइल मशीनरी और टेक्नोलॉजी के प्रमुख हब के रूप में और मजबूत करेगा तथा उद्योग में नई तेजी लाने में सहायक सिद्ध होगा।
