राजकोट में 108 एम्बुलेंस टीम की ईमानदारी बनी मिसाल

घायल नागरिक का मोबाइल और नकदी सुरक्षित लौटाकर कर्मियों ने पेश की मानवता और जिम्मेदारी की अनूठी मिसाल

राजकोट में 108 एम्बुलेंस टीम की ईमानदारी बनी मिसाल

राजकोट में 108 एम्बुलेंस सर्विस टीम की ईमानदारी का प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। जलाराम चौक के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक नागरिक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ टीम ने उनका कीमती सामान भी सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, मनुभाई चावड़ा एक्टिवा से अपने घर जा रहे थे, तभी अचानक सामने आए ऑटो रिक्शा से उनकी टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची, जहां मनुभाई बेहोशी की हालत में मिले। टीम ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें तुरंत सिविल हॉस्पिटल राजकोट भेज दिया।

मरीज की पहचान के लिए जांच के दौरान उनके पास से मोबाइल फोन और नकदी मिली, जिसे 108 टीम ने पूरी ईमानदारी के साथ अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया। साथ ही परिजनों से संपर्क कर सामान की जानकारी भी दी गई। इस पूरी प्रक्रिया में ईएमटी प्रग्नेशभाई परमार और पायलट सुरेशभाई परमार ने अपनी ड्यूटी के साथ-साथ जिम्मेदारी और नैतिकता का परिचय दिया। मरीज के परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सर्विस टीम के इस मानवीय कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कर्मी समाज के लिए प्रेरणा हैं।

Tags: Rajkot