सूरत : टाउन प्लानिंग की 5 वर्षों की बड़ी उपलब्धि, शहर के विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर से मिला 4,400 करोड़ से अधिक का राजस्व

8 ड्राफ्ट टीपी स्कीम और 30 लाख वर्ग मीटर सड़क नेटवर्क का जाल; मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब और मेट्रो प्रोजेक्ट को मिली रफ़्तार

सूरत : टाउन प्लानिंग की 5 वर्षों की बड़ी उपलब्धि, शहर के विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर से मिला 4,400 करोड़ से अधिक का राजस्व

सूरत। सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन  के सिटी डेवलपमेंट डिपार्टमेंट ने पिछले पांच वर्षों में शहरी नियोजन और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। टाउन प्लानिंग कमेटी ने शहर के वर्तमान, भविष्य और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण योजनाएं तैयार की हैं।

टाउन प्लानिंग विभाग द्वारा इस अवधि में कुल आठ ड्राफ्ट टाउन प्लान तैयार किए गए। पानी की आपूर्ति और सीवरेज सिस्टम के लिए 10.27 लाख वर्गमीटर भूमि के 46 प्लॉट अधिग्रहित किए गए। इसके अलावा 12 हेक्टेयर क्षेत्र में “डुमस सी फेस” परियोजना विकसित की जा रही है।

पूर्व दिशा में आभवा-उभराट रोड के विकास हेतु 90 लाख वर्गमीटर भूमि अधिग्रहित की गई है। वहीं, 362 आवश्यक सड़कों के निर्माण के लिए 30 लाख वर्गमीटर जमीन ली गई है, जिससे शहर के रोड नेटवर्क को मजबूत किया गया है।

मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब को गति

शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (एमएमटीएच) परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। यह परियोजना नगर निगम की प्रत्यक्ष योजना नहीं है, लेकिन निगम की सक्रिय भागीदारी से इसे तेजी से लागू किया जा रहा है। एमएमटीएच परियोजना 18,800 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही है। नगर निगम ने आवश्यक भूमि उपलब्ध करा दी है, जबकि 20,000 वर्गमीटर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

इसके अतिरिक्त 1.81 लाख वर्गमीटर की 22 भूमि गुजरात मेट्रो रेल कोर्पोरेशन लिमिटेड (जीएमआरसी) को आवंटित की गई है। पिछले पांच वर्षों में गेटको, जीएमआरसी और अन्य सरकारी एजेंसियों को 2.22 लाख वर्गमीटर की 31 जमीनें आवंटित की गईं, जिससे नगर निगम को लगभग 350 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

विकास परमिट और राजस्व में वृद्धि

शहरी विकास विभाग ने पांच वर्षों में 30,409 विकास परमिट, 9,192 प्लॉट सत्यापन प्रमाणपत्र और 1,478 भवन उपयोग प्रमाणपत्र (बीयुसी) जारी किए। इसके माध्यम से 4,068 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया एफएसआई प्राप्त हुआ।

नगर निगम द्वारा एडवांस प्लानिंग, रोड नेटवर्क की तैयारी और प्लॉट निर्माण की सुव्यवस्थित प्रक्रिया के माध्यम से भूमि अधिग्रहण और शहरी विकास को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया गया है।

सिटी डेवलपमेंट डिपार्टमेंट की इन पहलों से सूरत शहर को सुनियोजित और आधुनिक शहरी विकास की दिशा में नई गति मिली है।

Tags: Surat