सूरत : सलाबतपुरा पुलिस स्टेशन परिसर में “प्याऊ” का लोकार्पण, आमजन को मिलेगा शीतल जल
साकेत ग्रुप, चाय पे चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट और आलिया फैब्रिक्स की पहल, पुलिस कमिश्नर ने किया शुभारंभ
शहर के सलाबतपुरा पुलिस स्टेशन परिसर में सोमवार, 16 फरवरी 2026 को “साकेत ग्रुप”, “चाय पे चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट” और Allia Fabrics के सहयोग से स्थापित तीसरे “प्याऊ” का लोकार्पण गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस जनसेवा पहल का शुभारंभ सूरत शहर के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने किया।
अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह प्याऊ पुलिस स्टेशन आने वाले फरियादियों, उनके परिजनों तथा आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए आयोजक संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की ओर से जॉइंट सीपी वबांग ज़मीर और डीसीपी कनक देसाई की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर साकेत ग्रुप के संस्थापक सांवर प्रसाद बुधिया, “चाय पर चर्चा” के संस्थापक सुभाष डावर तथा Allia Fabrics के विनोद अग्रवाल और छोटू भाई भी मौजूद रहे।
लघु उद्योग भारती–सूरत के अध्यक्ष विक्रम सिंह शेखावत ने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच आमजन को शीतल जल उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय जनसेवा है। यह पहल समाज के प्रति सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
आयोजक मंडल के सांवर प्रसाद बुधिया ने बताया कि “प्याऊ” की यह श्रृंखला शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम में सलाबतपुरा पुलिस निरीक्षक के. डी. जाडेजा और आर. जे. चौहान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
