वडोदरा में एम्प्लॉयमेंट-अप्रेंटिस मेले में 55 अभ्यर्थी चयनित

8 प्रतिष्ठित कंपनियों ने 130 पदों के लिए लिए साक्षात्कार, दिव्यांग उम्मीदवारों को भी मिला समान अवसर

वडोदरा में एम्प्लॉयमेंट-अप्रेंटिस मेले में 55 अभ्यर्थी चयनित

राज्य सरकार के श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत 12 फरवरी 2026 को तरसाली स्थित आईटीआई परिसर में “एम्प्लॉयमेंट और अप्रेंटिस रिक्रूटमेंट मेला” आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। मेले का आयोजन सहायक निदेशक (रोजगार) कार्यालय द्वारा युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया।

मेले में वडोदरा की 8 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 130 तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए साक्षात्कार लिए। इसमें एसएससी, एचएससी, आईटीआई, डिप्लोमा और बी.ई. सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 110 उम्मीदवार शामिल हुए। चयन प्रक्रिया के अंत में कुल 55 अभ्यर्थियों को प्रारंभिक रूप से चुना गया, जिनमें 50 सामान्य और 5 दिव्यांग उम्मीदवार शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 2.50 लाख से 3.50 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज की पेशकश की गई।

इस अवसर पर सहायक निदेशक (रोजगार) अल्पेश चौहान और कार्यालय के काउंसलर ने उपस्थित युवाओं को विदेश में नौकरी और अध्ययन के लिए सुरक्षित वैधानिक प्रवासन, प्रधानमंत्री रोजगार योजनाओं तथा स्वरोजगार ऋण सहायता योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ‘अनुबंधम’ और एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण कर अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। आयोजन ने स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

Tags: Vadodara