सूरत : बैंक ऑफ बड़ौदा का ‘लीडरशिप इन एक्शन’ कार्यक्रम, सचिन तेंदुलकर की मौजूदगी में उत्कृष्ट नेतृत्व का सम्मान
शीर्ष 10 क्षेत्रीय प्रमुख और 25 अंचल प्रमुख सम्मानित, खेल से कॉर्पोरेट तक नेतृत्व के सूत्रों पर विशेष संवाद
सूरत : भारत के अंतरराष्ट्रीय बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा श्रेष्ठ नेतृत्वकर्ताओं को समर्पित और कर्मचारी जुड़ाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘लीडरशिप इन एक्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस विशेष अवसर पर बैंक के ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर सचिन तेंदुलकर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में बैंक के निदेशक मंडल, कॉर्पोरेट कार्यालय के अधिकारी तथा विभिन्न अंचलों के वरिष्ठ कार्यपालक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक मंडल और सचिन तेंदुलकर के बीच नेतृत्व विषय पर संवाद से हुई। इसके बाद आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में क्रिकेट के मैदान से सीखे जा सकने वाले नेतृत्व के महत्वपूर्ण सबकों और उनकी कॉर्पोरेट जगत में प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
सचिन तेंदुलकर ने कहा कि एक सफल लीडर के लिए प्रदर्शन में निरंतरता, दबाव में निर्णय लेने की क्षमता, अनुशासन, टीम वर्क और मूल्यों पर आधारित कार्यशैली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि खेल और व्यवसाय दोनों ही क्षेत्रों में दीर्घकालिक सफलता इन्हीं सिद्धांतों पर आधारित होती है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक ने लगातार उत्कृष्ट व्यावसायिक प्रदर्शन करने वाले, मानव संसाधन केंद्रित नेतृत्व को बढ़ावा देने और ग्राहक संबंधों को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शीर्ष 10 क्षेत्रीय प्रमुखों तथा सभी 25 अंचल प्रमुखों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं विपणन) श्री शैलेंद्र सिंह ने कहा, “सचिन तेंदुलकर जैसे वैश्विक खेल आइकन के साथ यह नेतृत्व संवाद हमारे इस विश्वास को और मजबूत करता है कि चाहे खेल हो या कारोबार, स्थायी सफलता अनुशासन, टीम वर्क और मूल्यों के पालन से ही संभव है।
यह कार्यक्रम बैंक ऑफ बड़ौदा की उत्कृष्ट नेतृत्व को प्रोत्साहित करने और ऐसी कार्य-संस्कृति के निर्माण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जहां हर कर्मचारी गर्व के साथ कार्य कर सके।”
