सूरत : केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 ओएनजीसी सूरत में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन
शैक्षणिक, खेलकूद व सहशैक्षणिक उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3, ओएनजीसी सूरत में शैक्षणिक सत्र 2025–26 का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह 03 फरवरी 2026 को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी कैडेट्स द्वारा मुख्य अतिथि के सम्मानपूर्वक स्वागत के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रशेखर, कार्यकारी निदेशक एवं संयंत्र प्रबंधक, ओएनजीसी हजीरा संयंत्र, सूरत तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती तनुजा बलौदी, प्रथम महिला, ओएनजीसी हजीरा संयंत्र, सूरत उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं हरित स्वागत के साथ किया गया।
प्राचार्य राजेश कुमार ने अपने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों की उपलब्धियों के साथ-साथ विद्यालय की शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कक्षा छठी के विद्यार्थियों द्वारा शास्त्रीय नृत्य, कक्षा पहली से तीसरी के विद्यार्थियों द्वारा पहाड़ी नृत्य तथा कक्षा चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों द्वारा सामाजिक संदेश से युक्त नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक, खेलकूद एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान करना रहा। इस दौरान श्रीमती तनुजा बलौदी द्वारा विशेष पुरस्कार, सीएलए प्रतियोगिताओं के पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ हाउस ट्रॉफी तथा डिस्प्ले बोर्ड के लिए सर्वश्रेष्ठ हाउस ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही ओएनजीसी सेंट्रल ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम एवं ओएनजीसी दुर्गा पूजा उत्सव 2025 में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर का स्थानांतरण नई दिल्ली हो गया है। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा उनके सम्मान में भावपूर्ण विदाई गीत प्रस्तुत किया गया, वहीं शिक्षकों ने प्रेरणादायक संबोधन देकर उनके योगदान को स्मरण किया। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मुख्य अतिथि चंद्रशेखर ने अपने भावुक संबोधन में कहा कि केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी से जुड़ी मधुर स्मृतियां उनके हृदय में सदैव जीवंत रहेंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों को अपनाकर आत्मविश्वास के साथ निरंतर प्रगति करने का प्रेरक संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन सुश्री प्रीति श्रीवास्तव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे समारोह का मंच संचालन दिलीप कुमार शर्मा एवं श्रीमती दक्षा गुप्ता द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
