सूरत : टेक्सटाइल कमिश्नर से मिला चैंबर का डेलीगेशन, नई टीटीडीएस स्कीम और कॉमन फैसिलिटी सेंटर की मांग
पीएम मित्र पार्क में तेजी लाने और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग के लिए स्पेशल फंड का प्रस्ताव, 25 फरवरी को सूरत का दौरा करेंगी वृंदा देसाई
सूरत। 'द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री' (एसजीसीसीआई) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई में भारत की टेक्सटाइल कमिश्नर सुश्री वृंदा मनोहर देसाई ( आईआरएस) से मुलाकात कर सूरत के कपड़ा उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
बैठक के दौरान चैंबर ने बजट में घोषित इंटीग्रेटेड प्रोग्राम के तहत नई योजनाओं को तुरंत लागू करने पर जोर दिया।चैंबर के डेलीगेशन ने टेक्सटाइल कमिश्नर के समक्ष निम्नलिखित प्रस्ताव पेश किए।
नई टीटीडीएस या A-Tuff स्कीम: बजट में घोषित लेबर इंटेंसिव टेक्सटाइल सेक्टर के लिए एक नई टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट स्कीम (टीटीडीएस ) या संशोधित 'ए-टफ' स्कीम लाने की मांग की गई, ताकि पारंपरिक क्लस्टर्स को तकनीक अपग्रेड करने के लिए कैपिटल सपोर्ट मिल सके।
कॉमन फैसिलिटी सेंटर: सूरत जैसे बड़े क्लस्टर में उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, मैन-मेड फाइबर (एमएमएफ) का उत्पादन बढ़ाने और निर्यात में प्रदर्शन बेहतर करने के लिए एक अत्याधुनिक 'कॉमन फैसिलिटी सेंटर' बनाने का प्रस्ताव रखा गया।
सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग (सीईटीपी ): 'टेक्सटाइल इको इनिशिएटिव्स' के तहत सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग और वॉटर मैनेजमेंट के लिए स्पेशल फंड और विशेष स्कीम की मांग की गई।
पीएम मित्र पार्क: नवसारी में आवंटित पीएम मित्र पार्क की गतिविधियों में तेजी लाने के लिए निर्माण प्रक्रिया को तुरंत आगे बढ़ाने का अनुरोध किया गया।
टेक्सटाइल कमिश्नर सुश्री वृंदा देसाई ने चैंबर के प्रेजेंटेशन को विस्तार से सुना और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा "सरकार टेक्सटाइल सेक्टर को ग्लोबली कॉम्पिटिटिव बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। चैंबर द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उचित निर्णय लिए जाएंगे।"
चैंबर के उपाध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि टेक्सटाइल कमिश्नर ने चैंबर का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। वह 25 और 26 फरवरी को दो दिवसीय सूरत दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे स्थानीय इंडस्ट्री इकाइयों का प्रत्यक्ष दौरा करेंगी और उद्यमियों के साथ आमने-सामने बातचीत कर जमीनी समस्याओं को समझेंगी।
इस बैठक में उपाध्यक्ष अशोक जीरावाला के साथ पूर्व अध्यक्ष विजय मेवावाला, टेक्सटाइल टास्क फोर्स के चेयरमैन आशीष गुजराती, सलाहकार एस.पी. वर्मा सहित अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
