सूरत : कैश नहीं, ब्रांडेड जूतों पर हाथ साफ, रांदेर में एक रात में 48 घरों के बाहर से फुटवियर चोरी
खाली बैग लेकर आया चोर, सिर्फ महंगे और नए जूते-चप्पल उठाए; CCTV फुटेज वायरल
सूरत। शहर के रांदेर इलाके में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है, जहां चोर ने नकदी या ज्वेलरी को नहीं बल्कि महंगे ब्रांडेड जूते-चप्पलों को निशाना बनाया। डिस्ट्रिक्ट पंचायत सोसाइटी में हुई इस घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, 9 तारीख की देर रात करीब 2:30 बजे एक अज्ञात युवक रांदेर नवयुग कॉलेज के पास स्थित डिस्ट्रिक्ट पंचायत सोसाइटी में पीछे की फेंस कूदकर दाखिल हुआ। फुटेज में देखा जा सकता है कि वह अपने साथ खाली बैग लेकर आया था, जिससे साफ है कि वह पहले से तैयारी करके पहुंचा था।
सोसाइटी में करीब 60 मकान हैं, जिनमें से 48 घरों के बाहर रखे जूतों के रैक और बॉक्स को उसने एक-एक कर चेक किया। हैरानी की बात यह रही कि चोर ने सिर्फ ब्रांडेड, नए और महंगे दिखने वाले जूते-चप्पल ही उठाए, जबकि पुराने और साधारण फुटवियर को वहीं छोड़ दिया। करीब एक घंटे के भीतर उसने दो बड़े बैग जूतों से भर लिए और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी सोसाइटी के निवासियों को सुबह तब हुई, जब लोग दूध लेने या मॉर्निंग वॉक के लिए घर से बाहर निकले। दरवाजे के बाहर रखे जूते गायब देख लोग हैरान रह गए। बाद में CCTV फुटेज खंगालने पर पूरी घटना सामने आई।
फिलहाल इस मामले में पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि सोसाइटी के लोगों में इस घटना को लेकर रोष है और उन्होंने फुटेज साझा कर अन्य सोसाइटी के निवासियों को सतर्क रहने की अपील की है।
