सूरत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध मौत

लालगेट इलाके में पति-पत्नी और नाबालिग बेटे के शव अलग-अलग कमरों में मिले, जांच जारी

सूरत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध मौत

सूरत : शहर के लालगेट क्षेत्र में एक ही परिवार के पति, पत्नी और नाबालिग बेटे की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों के शव घर के अलग-अलग कमरों से बरामद किए गए हैं।

प्राथमिक जांच में दम घुटने या आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

मृतकों की पहचान फैज अहमद (36), उनकी पत्नी मुबीना अहमद (32) और उनके बेटे नोमान के रूप में हुई है। परिवार हरिपुरा, लालगेट इलाके के सैयद पैलेस की तीसरी मंजिल पर रहता था। जानकारी के अनुसार, परिवार चार दिन पहले ही सऊदी अरब से उमराह यात्रा कर सूरत लौटा था।

मृतक के रिश्तेदार फारूक सैयद ने बताया कि सुबह एक परिजन जब बच्चे को स्कूल ले जाने पहुंचे, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर तीनों के शव अलग-अलग स्थानों पर पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही लालगेट पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, फैज अहमद केमिकल व्यवसाय से जुड़े थे। फिलहाल किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग और परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

जरूरी सूचना : मदद उपलब्ध है

अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या नकारात्मक विचारों से जूझ रहा है, तो मदद लेना बेहद ज़रूरी है। गुजरात सरकार की हेल्पलाइन ‘जीवन आस्था’ ( 1800 233 3330) पर 24 घंटे मुफ्त और गोपनीय काउंसलिंग उपलब्ध है। याद रखें—सहायता मौजूद है और आपकी ज़िंदगी अनमोल है।

 

 

Tags: Surat