सूरत : भारतीय जैन संगठन की गर्ल्स हाफ मैराथन में उमड़ा जोश, 5,000 से अधिक बालिकाओं ने लगाई दौड़
भगवान महावीर यूनिवर्सिटी में महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश, शहर-देहात से रही व्यापक भागीदारी
भारतीय जैन संगठन (BJS), सूरत द्वारा रविवार, 8 फरवरी को प्रातः 7:00 बजे भगवान महावीर यूनिवर्सिटी, वेसु में भव्य गर्ल्स हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन में 5,000 से अधिक बालिकाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।
मैराथन के अंतर्गत 2 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर की दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें सूरत शहर के साथ-साथ अमरोली, कतारगाम, पर्वत पाटिया और सचिन जैसे दूरदराज़ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में बालिकाओं एवं महिलाओं ने सहभागिता की। प्रातः 6:00 बजे से ही प्रतिभागियों का आगमन शुरू हो गया था, जिससे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया गया। सर्वप्रथम 5 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों को तथा उसके बाद 2 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों को रवाना किया गया। इस आयोजन के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं को स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया, जिसे प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों ने सराहा।

इस गरिमामय अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी, सूरत शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, सूरत के मेयर दक्षेश मावाणी, शासक पक्ष नेता श्रीमती शशिबेन त्रिपाठी, सूरत महानगरपालिका की डिप्टी कमिश्नर श्रीमती गायत्री जरीवाला, श्रीमती संध्या गहलोत, ब्रह्मकुमारी संस्था से वनिता दीदी, श्रीमती सिद्धी जौहरी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त भारतीय जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकिशोर सांखला, राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप चोपड़ा, मंत्री दीपक चोपड़ा, भारतीय जैन संगठन सूरत के अध्यक्ष अजय अजमेर, गुजरात के पूर्व अध्यक्ष संजय जैन, विशाल सुराणा, सुरेश गोंडलिया, त्रिओम किशोर गन्ना, मनहर संस्परा, हस्तिमल्ल बांठिया, कुंज पंसारी, सनबो रंग, कैलाश जैन, विकास दोषी, संजय बोथरा, अनिल चंडालिया सहित शहर के अनेक सामाजिक व संगठनात्मक पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मैराथन के समापन पर सभी वर्गों की विजेता बालिकाओं एवं महिलाओं को पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी के करकमलों द्वारा मेडल एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मान व्यक्त किया गया।
